Deoghar/Jasidih : जसीडीह थाना क्षेत्र के शगुन विहार मुहल्ले में लगातार दो रातों में पानी सप्लाई मीटरों के अंदरूनी पार्ट्स चोरी होने की घटनाओं से लोगों में दहशत है। बुधवार और गुरुवार की रात चोरों ने सात घरों को निशाना बनाया। एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में चेहरा ढककर भागता हुआ एक संदिग्ध भी कैद हुआ है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, चोर पानी सप्लाई मीटर के अंदरूनी पार्ट्स खोलकर ले जा रहे हैं। एक निवासी के घर के पीछे सब्जियां लगी हैं और उसी हिस्से में पानी का कनेक्शन दिया गया है। यहीं लगे पानी सप्लाई मीटर के अंदरूनी पार्ट्स चोरी हो गये। वहीं, मुहल्ले के निवासी सरोज कुमार दुबे के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध की तस्वीर कैद हुई है।

फुटेज में उसका चेहरा ढका हुआ दिखाई दे रहा है। जानकारी के मुताबिक, शिक्षा परियोजना कर्मी संतोष कुमार वर्मा, कन्हैया लाल प्रसाद, कमल कुमार उर्फ बिटू, टुन्ना प्रसाद, हरेन्द्र कुमार, लक्ष्मीचंद आर्या और मुकेश कुमार सिंह के घरों से पानी सप्लाई मीटर के पार्ट्स चोरी हुए हैं। लगातार दो रातों में हुई घटनाओं के बाद मुहल्ले के लोग सतर्क हैं।
अब तक थाने में नहीं दी गयी लिखित शिकायत
समाचार लिखे जाने तक किसी भी पीड़ित की ओर से संबंधित थाने में लिखित शिकायत नहीं दी गयी थी। इस कारण मामले में पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आयी है। सीसीटीवी फुटेज और पीड़ितों की ओर से दी जाने वाली लिखित शिकायत के आधार पर मामले की छानबीन में मदद मिल सकती है।



