
Deoghar News : सारवां थाना क्षेत्र अंतर्गत घोरपरास जंगल स्थित बंद पड़े एचपी पेट्रोल पंप में छिपकर साइबर फ्रॉड करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने 5 साइबर क्रिमिनल्स को गिरफ्तार किया है।
फर्जी कस्टमर केयर बनकर करते थे ठगी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधी खुद को फ्लिपकार्ट कस्टमर केयर, अमेज़न कस्टमर केयर, एयरटेल पेमेंट बैंक ऑफिसर, फोनपे कस्टमर केयर आदि बताकर लोगों को झांसे में लेते थे। ये आरोपी गूगल पर फर्जी मोबाइल नंबर अपलोड कर आम लोगों को संपर्क करने के लिए प्रेरित करते थे और फिर ऑनलाइन फ्रॉड को अंजाम देते थे।
कैश बैक और लोन के नाम पर जाल

अपराधी उपभोक्ताओं को कैश बैक, पीएम किसान योजना और लोन दिलाने का लालच देकर अपने जाल में फंसाते थे। इसके अलावा फोनपे गिफ्ट कार्ड क्रिएट करवाकर उसे रिडीम कर पैसे हड़प लेते थे। वहीं एयरटेल थैंक्स ऐप के जरिए पेमेंट बैंक कार्ड बंद/चालू कराने के नाम पर भी ठगी करते थे।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने जिन 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान इस प्रकार है—
आदित्य कुमार दास (19), तेतरिया, थाना कुण्डा
उदित कुमार दास (25), तेतरिया, थाना कुण्डा
प्रमोद कुमार दास (18), गुनियासोल, थाना मधुपुर
आदेश कुमार दास (24), पसिया, थाना मधुपुर
संदीप दास (18), सरपत्ता, थाना सारवां
सभी आरोपी जिला देवघर के निवासी हैं।
बरामद सामान
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 6 मोबाइल फोन और 7 सिम कार्ड बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में इनका इस्तेमाल साइबर फ्रॉड में होने की पुष्टि हुई है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में साइबर थाना, देवघर के पुलिस निरीक्षक हरदियुस टोप्पो, एएसआई अमर कुमार राम तथा सारवां थाना की पुलिस टीम शामिल रही।
लगातार जारी है कार्रवाई
पिलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में साइबर क्राइम के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आम लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी अनजान कॉल, लिंक या कस्टमर केयर नंबर पर भरोसा न करें।


