
Deoghar: देवघर नगर निगम चुनाव के मेयर प्रत्याशी उमा शंकर सिंह जनता के बीच घर -घर पहुँच रहे हैं। शुक्रवार को उमाशंकर सिंह ने प्रेस वार्ता कर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने बताया कि देवघर के पूर्व मेयर राज नारायण खवाड़े उर्फ बबलू खवाड़े का उन्हें आशीर्वाद और समर्थन प्राप्त है।

उमा शंकर सिंह के मुताबिक उन्हें पूर्व मेयर राज नारायण खवाड़े का प्रतिनिधि कहना गलत नहीं होगा। खुद को बबलू खवाड़े का ही अंग बताते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग देवघर को बाँटने की साजिश कर रहे हैं जिसे वे नहीं होने देंगे।

पानी-बिजली की व्यवस्था होगी दुरुस्त: उमा शंकर सिंह
उमा शंकर सिंह ने कहा कि देवघर निगम क्षेत्र के घर-घर तक वो पैदल जा रहे। ताकि लोगों की समस्याओं को समझ सकें। देवघर की सबसे बड़ी समस्या में शामिल पानी और बिजली की परेशानी को उन्होंने जीत के बाद दूर करने का दावा किया है। इतना ही नहीं, मेयर प्रत्याशी उमा शंकर सिंह का कहना है कि पूरा शहर बिजली की चकाचौंध से रौशन होगा। हर घर पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। पुरे शहर में मुफ्त टैंकर से पानी की व्यवस्था होगी।
महिलाओं के लिए पिंक ऑटो-टोटो व्यवस्था का वादा
महिलाओं की सुरक्षा का वादा करते हुए वो कहते हैं कि देवघर शहर में पिंक टोटो-ऑटो की व्यवस्था सिर्फ महिलाओं के लिए की जाएगी। कोशिश होगी कि पिंक वाहनों की चालक भी महिला हो ताकि उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत किया जा सके।
फुटपाथ दुकानदारों के लिए बेहतर व्यवस्था की जाएगी। ताकि धूप, बारिश की समस्या उनके रोजगार में बाधा न बनें।
जीत का दावा करते हुए उमा शंकर सिंह कहते हैं कि उन्हें देवघर की जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा, उन्हें किसी राजनीतिक दल के समर्थन की आवश्यकता नहीं है।



