Deoghar News : देवघर जिले के मोहनपुर थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर ब्राउन शुगर के साथ पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 14 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद किया गया है। इनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 14 हजार बतायी जाती है।

पूछताछ के क्रम में इन लोगों ने बताया कि बिहार के भागलपुर व मधुपुर के रास्ते देवघर में ब्राउन शुगर लाया जाता है। ये लोग ब्राउन शुगर बेचने व इसका सेवन करने का काम करते हैं। पूछताछ के क्रम में पुलिस को ब्राउन शुगर के अवैध धंधे से जुड़े कुछ अन्य कारोबारियों के बारे में पता चला है।

पुलिस उनकी भी तलाश कर रही है। पकड़े गए आरोपितों में जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के गुटियाबांद असहना सिमरजोर गांव निवासी सुमन कुमार मंडल, हरि मंडल, इसी थाना क्षेत्र के जोगियाकनाली गांव निवासी अविनाश कुमार, श्रवण कुमार मंडल, सोनेलाल बेसरा शामिल हैं।
इन लोगों के खिलाफ एसआइ राकेश कुमार के बयान पर मोहनपुर थाने में एनडीपीएस व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जानकारी हो कि मोहनपुर में पहले भी ब्राउन शुगर के कारोबार से पकड़े युवाओं को पकड़ा था।
इन लोगों को मोहनपुर बाजार, घोरमारा, मोरने व अन्य इलाके से पकड़ा गया था। उस वक्त भी पूछताछ के क्रम में भागलपुर व मधुपुर से ब्राउन शुगर यहां लाकर युवाओं के बीच बेचने की बात सामने आयी थी।
ये ब्राउन शुगर एक-एक हजार में एक पुड़िया के दर से बेची जा रही थी। शहरी क्षेत्र के बाद अब ग्रामीण क्षेत्र में भी ये नशा तेजी से फैल रहा है। देवघर में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार पर लगाम लगाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गयी है।



