
Deoghar : देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के बंधा मोहल्ला स्थित राइस मिल के पीछे चाहरदिवारी के पास बुधवार की रात को हत्या कर मिट्टी में दफनाया हुआ एक अधेड़ महिला का शव बरामद किया गया है।

बताया जाता है कि महिला का शव मिट्टी के नीचे दफन था। शव पुराना होने के कारण उसमें से बदबू आने लगा। बदबू होने के कारण वहां कुत्ते जमा हो गए। कुत्तों के खोदकर शव के हिस्से को बाहर निकाल दिया।

देर शाम को वहां खेल रहे बच्चों ने शव को देखा। उसके बाद उन लोगों ने अपने परिजनों को सूचना दी। मोहल्ले के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलने पर देवघर एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह, रिखिया थाना प्रभारी दीपक कुमार साह ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
बाद में देवघर सीओ अनिल कुमार भी मौके पर पहुंचे। उसके बाद में सभी के सामने शव को मिट्टी से खोदकर बाहर निकाला गया। मृतका हरा रंग का साया और स्वेटर पहनी हुई है। अनुमान है कि उसकी कहीं और हत्या कर यहां पर शव को लाकर दफना दिया गया है।
इस सिलसिले में पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। लेकिन कोई महिला के बारे में कुछ नहीं बता पाया। समाचार लिखे जाने तक मृतका की पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।


