
Deoghar : देवघर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के कानीजोर के पास सोमवार की अहले सुबह अवैध बालू तस्करी करने वाले लोगों ने छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इस घटना में पुलिस का प्राईवेट बोलेरो वाहन के पिछले हिस्से का शीशा भी तोड़ दिया।

इस घटना में कुंडा थाना प्रभारी संतोष कुमार मंडल सहित तीन से चार जवान मामूली रूप से घायल हो गये। मौके पर से पुलिस ने एक अवैध बालू ट्रैक्टर, चार बाइक जब्त किया है।

जबकि मौके पर कोरियासा निवासी महेश मोहली को गिरफ्तार कर पुछताछ कर जेल भेज दिया। इसे लेकर कुंडा थाना प्रभारी के बयान पर थाना में 25 नामजद और 25-30 अज्ञात पर मामला दर्ज किया गया है।
क्या है मामला
कुंडा थाना प्रभारी को सोमवार की सुबह करीब तीन बजे गुप्त सूचना मिली थी की थाना क्षेत्र के कोरियासा के रास्ते 40-50 ट्रैक्टर से अवैध रूप से बिना चालान के बालू का परिवाहन किया जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी संतोष कुमार मंडल चार जवान के साथ प्राइवेट बोलेरो वाहन से छापेमारी के लिये निकले।
जैसे ही पुलिस कोरियासा मोड़ पहुंची तो देखा की 5-6 ट्रैक्टर पर अवैध रूप से बालू परिवहन किया जा रहा है। जब पुलिस द्वारा ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया गया तो सभी भागने लगे। भागने के क्रम में एक ट्रैक्टर का चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। उक्त ट्रैक्टर को पुलिस जब्त कर थाना ला रही थी।
उसी क्रम में कानीजोर के पास 20-25 की संख्या में बाइक पर सवार दो- दो लोग वहां पहुंचे और जब्त ट्रेक्टर को छुड़ाने के लिये पुलिस से पहले हाथापाई करने लगे। जब पुलिस ने विरोध किया तो सभी लोग ईंट पत्थर से पुलिस पर हमला कर दिया।
हमले में थाना प्रभारी के एक पैर में पत्थर से चोट लग गया। हमले में तीन-चार पुलिस जवान को भी हल्की चोटें आयी। पुलिसकर्मियों द्वारा इसकी सूचना पेट्रौलिंग पार्टी को दिया गया। पेट्रोलिंग वाहन के पहुंचते ही हमलावर इधर- उधर भागने लगे।
भागने के क्रम मेंं उन सबों का चार बाइक भी वहीं छूट गया। जिसे पुलिस जब्त कर थाना ले आयी। पुलिस ने भागने के क्रम में कोरियासा निवासी मेहश मोहली को दबोच लिया।
पुलिस पर हमले मामले में 25 नामजद और 20-25 अज्ञात पर मामला दर्ज
कुंडा थाना में अवैध बालू छापेमारी करने गयी पुलिस टीम पर हमला के मामले में 25 लोगों को नामजद और 20-25 अज्ञात को आरोपी बनाया गया है। जिसमें मैथी राय, फुलचन राय, उदय राय, विक्रम राय, प्रलाद्ध राय साकिन योगडीहा थाना जसीडीह, राहुल यादव साकिन बसमता, मोेहन यादव उर्फ रोहित यादव साकिन कल्याणपुर थाना नगर, बबलू पंडित सूरातिलौना, महेश मोहली कोरियासा, संतोष यादव, हुरो यादव गुगलीडीह थाना कुंडा, मनु यादव, झंटू यादव अरनाया टांड़ थाना नगर,
बिरजू यादव रांगामोड़ थाना नगर, राजीव पंडित, बबलू पंडित साकिन हिरणा थाना नगर, गुड्डू यादव अरवाटांड, श्याम मंडल गुगलीडीह थाना कुंडा, चंदन यादव कोठिया जसीडीह, रमेश यादव अरवाटांड थाना नगर, सोनू शर्मा, अजय शर्मा साकिन पतारडीह थाना जसीडीह, असलम खां साकिन गुलीपाथर, मुकेश यादव साकिन पदमपुर थाना कुंडा सहित 20-25 अज्ञात को आरोपी बनाया गया है।



