Deoghar: 30 जुलाई से दिल्ली से देवघर और देवघर से दिल्ली के लिए हवाई उड़ान सेवा देवघर एयरपोर्ट (Deoghar Airport) से शुरू हो जाएगी। इस खबर से लोगों में उत्साह तो है ही साथ ही एक और अच्छी सूचना है कि दिल्ली से देवघर की पहली फ्लाइट (Delhi to Deoghar first flight) से भोजपुरी के तीन सुपरस्टार बाबा की नगरी पहुंचेंगे।
जानकारी हो कि दिल्ली से देवघर की पहली फ्लाइट की पहली टिकट स्थानीय सांसद निशिकांत दुबे ने बुक की है। इंडिगो की पहली फ्लाइट से गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे के साथ भोजपुरी फिल्मों के सुपर स्टार अभिनेता गोरखपुर सांसद रवि किशन, उतर-पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी और आजमगढ़ सांसद दिनेश लाल यादव (निरहुआ) भी देवभूमि पहुंचेंगे। इतना ही नहीं भोजपुरी के तीनों सुपरस्टार सांसद बाबा बैद्यनाथ का दर्शन भी करेंगे। इस बात की जानकारी सांसद निशिकांत दुबे ने ट्वीट कर दी है।
वहीं, बाबानगरी आने पर एक सन्देश के साथ चारों सांसदों निशिकांत दुबे, रवि किशन, मनोज तिवारी और निरहुआ ने एक वीडियो क्लिप भी ट्वीट किया है। जिसमें देवघर एयरपोर्ट के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया है।