
New Delhi : लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए भीषण विस्फोट के बाद सोमवार देर रात घटनास्थल पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और NSG की स्पेशल टीम मौजूद रही। मौके पर तैनात NSG कमांडो एक खोजी कुत्ते (स्निफर डॉग) के साथ लगातार मलबे और कार के हिस्सों की जांच कर रहे हैं, ताकि विस्फोटक के स्रोत और प्रकृति का सुराग मिल सके।

अमित शाह ने घटनास्थल का दौरा करने से पहले कहा कि सरकार इस मामले में किसी भी एंगल को बंद नहीं मान रही है। उन्होंने साफ कहा— “हम सभी पहलुओं को खुला रखते हुए जांच कर रहे हैं। जब तक NSG और FSL की रिपोर्ट नहीं आती, तब तक कुछ भी कहना मुश्किल है। खोजी कुत्ते और तकनीकी विशेषज्ञ हर सुराग की बारीकी से जांच कर रहे हैं।”

घटनास्थल पर मौजूद अधिकारियों के अनुसार, NSG का खोजी कुत्ता कार के बोनट, पिछली सीट, डिक्की और आसपास बिखरे हिस्सों को बार-बार सूँघकर संकेत दे रहा था। यह प्रक्रिया बताती है कि टीम किस तरह विस्फोट के संभावित रासायनिक निशान या इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के अवशेष ढूंढने की कोशिश कर रही है।
अमित शाह ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री ने उनसे घटनास्थल की ताज़ा जानकारी ली है और केंद्र ने सभी एजेंसियों को मिलकर तेजी से जांच करने के आदेश जारी किए हैं।
खोजी कुत्ते की मदद से जुटाए जा रहे नमूनों को तुरंत FSL ले जाया जा रहा है, जिससे विस्फोट में इस्तेमाल सामग्री का शुरुआती पता चल सके। फिलहाल इलाका सील है और सुरक्षा एजेंसियां देर रात तक जांच में जुटी हैं। (Agency)



