New Delhi: भजनपुरा इलाके में नगर निगम के स्कूल में दो बच्चियों के साथ हुई छेड़छाड़ के मामले में अब पुलिस स्कूल प्रशासन के खिलाफ एक्शन लेने की तैयारी कर रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि घटना के बाद स्कूल प्रशासन ने मामले को दबाकर पुलिस को सूचना नहीं दी थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया था। ऐसे में अब पुलिस स्कूल प्रशासन के खिलाफ एक्शन लेने की तैयारी कर रही है।
मामले पर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी कुछ भी खुलकर बोलने को तैयार नहीं है, उनका कहना है कि फिलहाल मामले की जांच जारी है। आरोपित वरुण जोशी (40) के मोबाइल से पुलिस को कई अश्लील वीडियो मिले थे, पुलिस ने उसके मोबाइल को जांच के लिए एफएसएल भेज दिया है। मामले की छानबीन जारी है।
जानकारी के अनुसार आरोपी वरुण जोशी परिवार के साथ यमुना विहार इलाके में रहता है। इसके परिवार में माता-पिता के अलावा एक छोटा है। इसके पिता सीआईएसएफ से हवलदार सेवानिवृत हुए हैं। खुद ग्रेजुएट वरुण शुरुआत में एक होटल में कैशियर की नौकरी करता था। लेकिन शादी न होने और गलत संगत में रहकर उसे शराब की लत पड़ गई। वरुण ने नौकरी छोड़ दी। अक्सर वह शराब के नशे में हंगामा करने लगा। कई बार लोगों ने उसे अर्द्धनग्न हालत में हंगामा करते देखा।
परेशान होकर लोगों ने इसकी शिकायत आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों से की। इसके बाद उसके परिवार को भी समझाया गया। लेकिन आरोपित अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। 30 अप्रैल को आरोपित नशे की हालत में स्कूल में घुसा और उसने वारदात को अंजाम दिया। लेकिन पुलिस ने उसे दबोच ही लिया। भजनपुरा थाना पुलिस ने उसके खिलाफ पॉक्सो और छेड़छाड़ की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।