
New Delhi: Delhi के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार ने अपील की है कि भारत रत्न का सम्मान इस बार भारतीय डॉक्टर को मिलना चाहिए। केजरीवाल ने स्टेप वन की ओर से आयोजित समारोह में केंद्र सरकार से अपील की है कि इस बार भारत रत्न का सम्मान भारतीय डॉक्टर को मिलना चाहिए। भारतीय डॉक्टर मतलब सभी डॉक्टर, नर्स और पैरामेडिक से है। शहीद हुए डॉक्टरों को यह श्रद्धांजली होगी। इसके साथ ही अपनी और परिवार की चिंता किए बिना सेवा करने वालों का यह सम्मान होगा।

मुख्यमंत्री ने कोरोना के दौरान शहीद हुए डॉक्टर्स और फ्रंटलाइन वर्कर्स को देश की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार ने शहीद हुए डॉक्टर या फ्रंटलाइन वर्कर्स के परिवार को एक-एक करोड़ रुपए की सम्मान राशि दी। यह कोई मुआवजा नहीं है, बल्कि यह धन्यवाद बोलने का एक तरीका है कि हम आपके प्रति कृतज्ञ है।

केजरीवाल ने भारतीय डॉक्टर को भारत रत्न की उपाधि देने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखकर अपील भी की है। उन्होंने पत्र में लिखा कि इस बार का भारत रत्न का सम्मान भारतीय डॉक्टर को दिया जाए। इससे तात्पर्य किसी व्यक्ति विशेष से नहीं है। देश के सभी डॉक्टर्स, नर्स और पैरामैडिक्स के समूह को यह सम्मान मिलना चाहिए।
उन्होंने लिखा कि कोरोना से लड़ते हुए अनेक डॉक्टरों और नर्सो ने अपनी जान गंवाई। यदि हम उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करते हैं, तो यह उन्हें श्रद्धांजलि होगी। लाखों डॉक्टरों और नर्सों ने नि:स्वार्थ भाव से लोगों की सेवा की। यदि नियम किसी समूह को भारत रत्न देने की अनुमति नहीं देते, तो आपसे आग्रह है कि नियमों को बदला जाए। डॉक्टरों का देश आभारी है।


