
नई दिल्ली: देश की राजधानी से राहत की खबर है। यहां कोरोना के दैनिक मामले कम होने के साथ ही संक्रमण दर लगातार गिर रही है। शुक्रवार को कोरोना की सक्रमण दर घटकर 13 फीसदी से नीचे पहुंच गया। साथ ही स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है।

दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 8,506 नए केस मिले हैं, जबकि 289 लोगों को मौत हो गई। 34 दिन बाद दिल्ली में 10 हजार से कम मामले आए हैं। वहीं, पिछले 24 घंटे में 14,140 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर भी लौटे हैं।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, कुल संक्रमितों की संख्या 13,80,981 हो गई है। इनमें से 12,88,280 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। इस महामारी से अब तक 20,907 लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली में कोरोना से मृत्युदर बढ़कर 1.51 फीसदी हो गई है। कुल संक्रमण दर 7.60 प्रतिशत है। कोरोना के सक्रिय मामले घटकर 71,794 हो गए हैं। इनमें से अस्पतालों में 17,511 मरीज भर्ती हैं।
दिल्ली में अब तक एक करोड़ 81 लाख 69 हजार लोगों की जांच हो चुकी है। पिछले 24 घंटे में 68,575 लोगों की जांच की गई। इनमें 12.40 फीसदी मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए। जांच के आंकड़े में बृहस्पतिवार के मुकाबले करीब 7 हजार कम रहे।
कोरोना टीकाकरण अभियान के तहत में बीते 24 घंटे में 1,23,517 लोगों को टीके लगाए गए। इनमें 82,943 लोगों को पहली और 40,574 को दूसरी खुराक दी गई। अब तक 43 लाख 45 हजार लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने कहा “दिल्ली में सुधार के संकेत मिले हैं। 22 अप्रैल के 36 फीसदी की तुलना में इस वक्त संक्रमण दर 12 फीसदी के करीब पहुंच गई है। वहीं, दस दिनों के भीतर अस्पतालों में करीब तीन हजार बेड खाली हुए हैं। लॉकडाउन का सख्ती से पालन का नतीजा संक्रमण दर में गिरावट के तौर पर सामने आया है।”


