Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र के राउत नगर निवासी उषा बरनवाल ने अपने दामाद शुभम कुमार के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट करने, गला दबाकर जान से मारने का प्रयास करने, मोबाइल छीनने तथा संपत्ति व वेतन की मांग करने के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

उषा बरनवाल ने बताया है कि 4 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 12:50 बजे उनके दामाद शुभम कुमार, पिता घनश्याम प्रसाद, निवासी दलसिंहसराय, समस्तीपुर (बिहार), उनके घर पहुंचे। उस समय घर में वह और उनके पति प्रमोद कुमार बरनवाल मौजूद थे। दर्ज मामले के अनुसार, घर पहुंचते ही शुभम ने उनके पति का मोबाइल फोन छीन लिया और गाली-गलौज करने लगे। जब वह वहां पहुंचीं तो आरोप है कि शुभम ने उनका गला दबाने का प्रयास किया और जान से मारने की कोशिश की।

उषा देवी के अनुसार, उन्होंने और उनके पति ने किसी तरह विरोध कर अपनी जान बचाई। मामले में यह भी आरोप लगाया गया है कि इसके बाद शुभम ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। उषा बरनवाल ने बताया है कि उनकी बेटी प्रीति बरनवाल की शादी शुभम कुमार के साथ 1 दिसंबर 2025 को हुई थी।
शादी के बाद जब प्रीति दलसिंहसराय गई तो शुभम द्वारा उससे 15 लाख रुपये की मांग किए जाने का आरोप लगाया गया है। मामले के मुताबिक मांग पूरी नहीं होने के बाद शुभम बार-बार श्रीरामपुर हुगली, पश्चिम बंगाल जाकर प्रीति को धमकाने लगा। उषा बरनवाल ने बताया है कि उनकी बेटी पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी ) में स्केल मैनेजर है और श्रीरामपुर में पदस्थापित थी।
मामले में श्रीरामपुर में भी शुभम द्वारा उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।उषा बरनवाल ने पूरे मामले में नगर थाना पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।



