
New Delhi: ट्रेन से सफर करने वालों के लिए एक बड़ी गुड न्यूज है। भारतीय रेलवे जल्द ही IRCTC की नई वेबसाइट का Beta वर्जन लॉन्च करने जा रहा है। नई वेबसाइट का मकसद टिकट बुकिंग को पहले से ज्यादा आसान, तेज और बेहतर बनाना है, ताकि यात्रियों को बार-बार आने वाली टेक्निकल दिक्कतों का सामना न करना पड़े।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि IRCTC की नई वेबसाइट का Beta वर्जन जल्द लॉन्च किया जाएगा। शुक्रवार को जयपुर के MNIT के छात्रों ने नई वेबसाइट का डेमो देखा और उस पर अपनी राय भी दी। छात्रों के सुझावों के आधार पर वेबसाइट को और बेहतर बनाया जा रहा है।

कुछ हफ्ते पहले MNIT के छात्रों ने मौजूदा IRCTC वेबसाइट की कई कमियां बताई थीं। उसी के बाद रेलवे ने वेबसाइट को पूरी तरह नया रूप देने का फैसला किया था। अब नई वेबसाइट तैयार है और इसे भारतीय रेलवे के नए Passenger Reservation System से जोड़ा जा रहा है।
रेल मंत्री ने बताया कि नया रिजर्वेशन सिस्टम भी एक साथ तैयार किया जा रहा है। इसके पूरा होते ही आने वाले कुछ महीनों में नई IRCTC वेबसाइट सभी यात्रियों के लिए शुरू कर दी जाएगी।
नई वेबसाइट में क्या होगा खास?
- कैप्चा की टेंशन दूर – टिकट बुकिंग के दौरान बार-बार आने वाले Captcha और Pop-up की समस्या काफी हद तक खत्म कर दी जाएगी।
- सीट से जुड़ी सर्विस– सभी क्लास में सीटों की मौजूदगी एक ही स्क्रीन पर दिखाई देगी. इससे अलग-अलग क्लास चुनकर बार-बार सीट चेक करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
- जल्दी कंप्लीट होगा प्रोसेस- टिकट बुकिंग का प्रोसेस में भी पहले की तुलना में कम स्टेप्स होंगे, जिससे टिकट जल्दी बुक हो सकेगा।
- पहले से सेव रहेगी जानकारी- जो यात्री अक्सर ट्रेन से सफर करते हैं, उनके लिए यात्रियों की जानकारी सेव रखने की सर्विस भी मिलेगी। इससे हर बार नाम, उम्र और अन्य जानकारी दोबारा भरने की जरूरत नहीं होगी और टिकट बुकिंग पहले से ज्यादा आसान हो जाएगी।
पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम भी होगा अपग्रेड
बार-बार यात्रा करने वालों के लिए यात्रियों की जानकारी सेव रहेगी, जिससे दोबारा टिकट बुक करना आसान होगा. रेल मंत्री ने यह भी बताया कि रेलवे पिछले 40 साल से चल रहे Passenger Reservation System को भी पूरी तरह अपग्रेड कर रहा है। यह काम बिना टिकट बुकिंग सेवा रोके किया जा रहा है और नया सिस्टम जल्द लॉन्च होगा।
RailOne ऐप और तत्काल टिकट बुकिंग पर फोकस
रेल मंत्री ने बताया कि रेलवे का RailOne ऐप तेजी से यूज हो रहा है। अब तक इस ऐप को 4 करोड़ से ज्यादा लोग डाउनलोड कर चुके हैं। यह रेलवे का सबसे बड़ा टिकट बुकिंग ऐप बन चुका है, जहां टिकट बुकिंग के साथ रेलवे की कई अन्य सेवाएं भी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं। इसके अलावा, रेलवे तत्काल टिकट बुकिंग में बॉट्स और फर्जी बुकिंग पर रोक लगाने के लिए भी लगातार काम कर रहा है।
रेलवे का कहना है कि इस दिशा में कुछ सुधार देखने को मिला है, लेकिन सिस्टम को और मजबूत बनाने की प्रक्रिया जारी है। नई वेबसाइट और नए रिजर्वेशन सिस्टम के आने के बाद यात्रियों को तेज, सुरक्षित और अधिक सुविधाजनक टिकट बुकिंग का अनुभव मिलने की उम्मीद है।


