
New Delhi: राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन के मामले में प्रिविलेजेस कमेटी ने शिकायतकर्ता बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे को बुलाया है। कमेटी के सामने निशिकांत दुबे अपना पक्ष रखेंगे। 14 मार्च को प्रिविलेजेस कमेटी की बैठक होगी। इसी में 14 मार्च को निशिकांत दुबे को अपना पक्ष रखना है।

बता दें कि सात फ़रवरी को लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी पर कई आरोप लगाए थे। उसी दिन बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने बिना नोटिस दिए तथ्यहीन आरोप लगाने और उनके पक्ष में सबूत न देने के लिए राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया था।

इस मामले में संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी ने भी राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत की थी। लोकसभा सचिवालय ने राहुल गांधी के भाषण के कई अंश हटा दिए थे। प्रिविलेजेस कमेटी इस मामले में राहुल गांधी को नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने को कह चुकी है।
सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी ने अपना जवाब कमेटी को भेज दिया है।
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन (Breach of privilege) और सदन की अवमानना (contempt of House) की कार्यवाही रूल 223 के तहत शुरू करने की मांग की है। निशिकांत दुबे ने पत्र में कहा है कि राहुल गांधी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान पीएम मोदी के खिलाफ जो आरोप लगाए हैं, उनसे सम्बंधित प्रमाण सदन में नहीं रखे हैं। इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।



