
Ahmedabad: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबा मोदी का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। वे 100 साल की थीं। हीराबा ने अहमदाबाद के यूएन मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर में तड़के 3:30 बजे अंतिम सांस ली। मंगलवार देर रात सांस लेने में तकलीफ होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें कफ की शिकायत भी थी।

PM मोदी अहमदाबाद पहुंच गए हैं। वे सीधे गांधीनगर के रायसण गांव में भाई पंकज मोदी के घर जाएंगे, जहां मां की पार्थिव देह रखी गई है। वहीं से सुबह 8:30 बजे अंतिम यात्रा शुरू होगी और सेक्टर-30 स्थित श्मशान घाट पहुंचेगी। जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
PM मोदी ने ट्वीट कर निधन की जानकारी दी, लिखा- शताब्दी का ईश्वर चरणों में विराम

PM मोदी ने ट्वीट कर हीराबा के निधन की जानकारी दी। शुक्रवार की सुबह 6 बजकर 2 मिनट पर उन्होंने लिखा- शानदार शताब्दी का ईश्वर चरणों में विराम। मां में मैंने हमेशा उस त्रिमूर्ति की अनुभूति की है, जिसमें एक तपस्वी की यात्रा, निष्काम कर्मयोगी का प्रतीक और मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध जीवन समाहित रहा है।
मोदी ने आगे लिखा- मैं जब उनसे 100वें जन्मदिन पर मिला तो उन्होंने एक बात कही थी, जो हमेशा याद रहती है कि काम करो बुद्धि से और जीवन जियो शुद्धि से। हीराबा ने जून में ही अपना 99वां जन्मदिन मनाया था। प्रधानमंत्री मोदी उस समय उनसे मिलने आए थे। उस दौरान PM ने हीराबा के पैर धोकर पानी अपनी आंखों से लगाया था।


