
Guwahati: लोकसभा 2024 के चुनाव के मद्देनजर यहां प्रदेश भाजपा मुख्यालय (अटल बिहारी वाजपेयी भवन) आज पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के 12 राज्यों के अध्यक्षों एवं प्रभारियों के साथ प्रमुख पदाधिकारियों की अहम बैठक भाजपा के संगठन महासचिव बीएल संतोष की अध्यक्षता में आरंभ हो गई।

माना जा रहा है कि पूर्वी भारत एवं पूर्वोत्तर राज्यों में चुनाव को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी। बैठक में बीएल संतोष के अलावा पूर्वोत्तर के सांगठनिक महासचिव बैजयंत जय पांडा, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास, राष्ट्रीय महामंत्री दिलीप सैकिया समेत भाजपा के दिग्गज हिस्सा ले रहे हैं। बैठक का शुभारंभ वंदे मातरम् के साथ हुआ। बैठक में दोपहर बाद असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा भी हिस्सा लेंगे।

उल्लेखनीय है कि बैठक में पूर्वी राज्य बिहार, झारखंड, बंगाल और ओड़िसा के साथ ही पूर्वोत्तर राज्यों के अरुणाचल प्रदेश, असम, त्रिपुरा, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, सिक्किम समेत कुल 12 राज्यों के वरिष्ठ पदाधिकारी हिस्सा ले रहे हैं।

बैठक में 2024 में होने वाले लोक सभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर यह चर्चा की जाएगी कि इन सभी 12 राज्यों में पार्टी किस तरह से अपना वोट प्रतिशत और सीटों की संख्या में 2019 की तुलना में इजाफा कर सकती है।
आपको बता दें कि, लोक सभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर माइक्रो स्तर तक जाकर मैनेजमेंट करने के लिए भाजपा ने एक मेगा प्लान तैयार किया है। इसके तहत पार्टी ने पहली बार पार्टी के कामकाज को सरल बनाने के लिए देशभर के सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को तीन सेक्टरों में बांट दिया है। इन सेक्टरों को – ईस्ट रीजन, नार्थ रीजन और साउथ रीजन का नाम दिया गया है।
ईस्ट रीजन में शामिल राज्यों की बड़ी बैठक आज गुवाहाटी में हो रही है। नॉर्थ रीजन में शामिल राज्यों की बैठक 7 जुलाई को दिल्ली में होनी है और साउथ रीजन में शामिल राज्यों की बैठक 8 जुलाई को हैदराबाद में होना प्रस्तावित है। (Input-Agency)


