
New Delhi: कांग्रेस की केंद्रीय अनुशासनात्मक कमेटी (Congress Central Disciplinary Committee) ने पंजाब के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ (Former Punjab State President Sunil Jakhar) और पूर्व केंद्रीय मंत्री के.वी. थॉमस (Former Union Minister K.V. Thomas) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की अनुशंसा की है। कांग्रेस की अनुशासनात्मक समिति ने मंगलवार को सुनील जाखड़ को पार्टी के सभी पदों से हटाने और पार्टी से दो साल के लिए निलंबित करने की सिफारिश की है। वहीं केवी थॉमस को पार्टी के तीन कमिटी से हटाने की सिफारिश की गई है। केंद्रीय अनुशासनात्मक कमेटी की ओर से मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को ये सिफारिश भेजी गई है।

दरअसल मंगलवार सुबह 11 बजे कांग्रेस पार्टी ने केंद्रीय अनुशासनात्मक कमेटी की बैठक बुलाई थी। बैठक कांग्रेस वॉररूम में आयोजित की गई। दो सप्ताह पूर्व कांग्रेस पार्टी ने अनुशासनात्मक कमेटी की बैठक बुलाकर सुनील जाखड़ और के.वी. थॉमस को एक हफ्ते का कारण बताओ नोटिस (शो कॉज नोटिस) दिया था। दोनों ही नेताओं को एक हफ्ते के भीतर अपनी बात पार्टी के अनुशासनात्मक कमेटी के सामने रखने को कहा गया था।

गौरतलब है कि के वी थॉमस ने तो पार्टी के अनुशासनात्मक कमेटी को अपना जवाब भेजा दिया लेकिन सुनील जाखड़ ने अनुशासनात्मक कमेटी द्वारा दिए गए शो कॉज नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया। अब दोनों नेताओं के मसले पर अनुशासनात्मक कमेटी ने कड़ी कर्रवाई की अनुशंसा की है।
दरअसल पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर सुनील जाखड़ पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की थी। हरीश चौधरी ने अपने पत्र में लिखा है कि सुनील जाखड़ के बयान से पार्टी को पंजाब में काफी नुकसान हुआ और वह लगातार पार्टी के खिलाफ बयानबाजी करते रहे। इसके साथ ही पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने राहुल गांधी से मुलाकात कर सुनील जाखड़ की शिकायत की थी। हालांकि, सुनील जाखड़ ने अपनी सफाई देते हुए कहा था कि उनके बयान को संदर्भ से इतर समझा गया।
वहीं दूसरी ओर केरल कांग्रेस के अध्यक्ष के. सुधाकरण ने भी कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर केवी थॉमस पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने कहा कि थॉमस ने पार्टी लाइन से अलग जाकर कन्नूर में सीपीआई (एम) के कार्यक्रम में शिरकत की जबकि कांग्रेस की ओर से उन्हें सीपीआई (एम) के कार्यक्रम में नहीं जाने के लिए कहा गया था।


