New Delhi: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पूर्व मंत्री व कांग्रेस नेता मनीष तिवारी द्वारा लिखित पुस्तक का हवाला देते हुए विपक्षी दल पर राष्ट्रीय सुरक्षा की चिंता नहीं करने और आतंकी भेजने वाले देश पाकिस्तान के प्रति विशेष प्रेम रखने का आरोप लगाया है।
भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने मंगलवार को कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी की पुस्तक “टेन फ्लैश प्वाइंट्स” के कुछ भाग मीडिया के माध्यम से हम सभी ने देखे हैं और जो तथ्य सामने आए हैं, उसे कांग्रेस की विफलता का कबूलनामा कहना ही उपयुक्त होगा।
उन्होंने कहा कि इस पुस्तक का सारांश है कि संयम शक्ति की निशानी नहीं है, 26/11 के मुंबई हमले के समय संयम कमजोरी माना जा सकता है। भारत को उस समय कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए थी। जब कांग्रेस की विफलताओं का ये कबूलनामा पढ़ा, तो हर भारतीय की तरह हमें भी बड़ी पीड़ा हुई।
तत्कालीन कांग्रेस की सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए भाटिया ने कहा कि इस तथ्य के बाद आज स्पष्ट हो गया कि कांग्रेस की जो सरकार थी, वो निकम्मी थी। राष्ट्र सुरक्षा जैसे मुद्दे पर भारत की अखंडता की भी उन्हें चिंता नहीं थी।
हर भारतीय ये बात कहता था, भाजपा भी यही बात कह रही थी। आज कांग्रेस शासन में मंत्री रहे मनीष तिवारी ने स्वीकारा है कि उनकी सरकार ने राष्ट्र सुरक्षा को दांव पर लगा दिया था।
भाटिया ने कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी और राहुल गांधी को कटघरे में खड़ा करते हुए सवाल किया कि क्या वे अब अपनी चुप्पी तोड़ेंगे?
भाजपा प्रवक्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र सुरक्षा के प्रति संकल्पित होने का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी के आने बाद भारतीय सेना को खुली छूट मिली है। अब भारत की ओर बुरी नजर उठाने वाले को बख्शा नहीं जायेगा।
पुलवामा हमले के बाद भारतीय सेना को खुली छूट दी गई। भारतीय सेना ने पाकिस्तान में घुसकर बालाकोट एयर स्ट्राइक कर आतंकियों का सफाया कर दिया।