नई दिल्ली: दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में गैंगवार (Gang War in Rohini Court ) हुआ है। कुख्यात गैंगस्टर जितेंद्र उर्फ गोगी और उसके दो साथियों की कोर्ट में पेशी के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई है। गोली एक वकील को भी लगी है। जबकि स्पेशल सेल की फायरिंग में पुलिस ने दो हमलावरों को ढेर कर दिया है।
गैंगवार में कोर्ट के अंदर दोनों तरफ से 20 मिनट तक गोलियां चली। दो हमलावर वकील की ड्रेस में थे। बताया जा रहा है कि रोहिणी न्यायालय में कोर्ट रूम में गोलियां चली हैं। गोगी रोहिणी जेल संख्या 2 के हाई रिस्क वार्ड में बंद था। गोगी को स्पेशल सेल ने पिछले साल मार्च में बहुत मुश्किल से गुरुग्राम से पकड़ा था। उस समय उस पर 6.5 लाख का इनाम था।
सूत्रों का कहना है कि विरोधी गिरोह ने जितेंद्र पर हमला किया है। जानकारी के अनुसार, गोली लगने से तीन लोग घायल भी हुए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हमलावर ढेर हो गए हैं।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के सूत्रों के मुताबिक, मारे गए बदमाशों का नाम राहुल और मोरिश था। बताया जा रहा है कि एक महिला वकील को भी गोली लगी है और वह घायल है।
गोगी गुरुग्राम से हुआ था गिरफ्तार
स्पेशल सेल ने दिल्ली के मोस्टवांटेड गैंगेस्टर जितेंद्र मान उर्फ गोगी को उसके तीन साथियों कुलदीप, रोहित उर्फ मोई और कपिल के साथ वर्ष 2018 में गुरुग्राम से गिरफ्तार किया था। गोगी पर दिल्ली से 4 लाख और हरियाणा में 2 लाख का इनाम घोषित था। हरियाणा पुलिस ने यह इनाम रागिनी गायिका हर्षिया दहिया मर्डर केस में रखा था। नरेला में आम आदमी पार्टी के नेता वीरेंद्र मान को गोगी गैंग के लोगों ने ही 26 गोलियां मारी थीं।
दिल्ली के अलीपुर गांव के रहने वाले जितेन्द्र गोगी की टिल्लू ताजपुरिया गिरोह से गैंगवार चलती रही है। ये दोनों पहले दोस्त हुआ करते थे। दिल्ली विश्वविद्यालय के श्रद्धानंद कॉलेज में हुए चुनावों को लेकर इनमें मनमुटाव पैदा हो गया। इसके बाद टिल्लू ताजपुरिया व उसके साथी राजू ने अपनी गाड़ी पर लिखवा लिया था कि टिल्लू व राजू गोगी के जीजा हैं। इसके बाद गाड़ी को गांव व कॉलेज में घुमा दिया था। यहां से गोगी व राजू की रंजिश शुरू हो गई थी। गोगी ने राजू की हत्या कर दी थी। इसके बाद दोनों ही गिरोह में गैंगवार शुरू हो गई थी।
[…] […]