नई दिल्ली: देश में गुरुवार को 46,308 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 58,474 ठीक हुए और 843 की मौत हो गई। इसके साथ ही एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 13,027 की कमी आई है। अब 5.04 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।
देश में कोरोना (Corona) महामारी से जान गंवाने वालों का आंकड़ा 4 लाख के पार हो गया। इनमें से सबसे ज्यादा 1.22 लाख मौत महाराष्ट्र में हुई हैं। कोरोना की दूसरी लहर 10 मार्च से शुरू हुई थी। तब तक देश में इस महामारी से 1.58 लाख मौतें हो चुकी थीं। यानी दूसरी लहर में करीब 2.50 लाख लोगों ने जान गंवाई।
दो दिन बाद कम हुए केस
शुक्रवार को दो दिन बाद कोरोना केस (46,308) कम हुए हैं। इससे पहले मंगलवार को 103 दिन बाद सबसे कम 37,070 केस आए थे। इसके बाद लगातार दो दिनों तक मामलों में बढ़ोतरी हुई। बुधवार को कोरोना के 46,104 केस आए और उसके अगले दिन गुरुवार को 48,606 केस सामने आए।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 46,308
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 58,474
- बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 843
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 3.04 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 2.95 करोड़
- अब तक कुल मौतें: 4 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 5.04 लाख
10 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 10 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, कर्नाटक, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
21 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यहां पाबंदियां के साथ छूट भी है। इनमें केरल, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।