
नई दिल्ली: शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यास चक्रवात से हुए जान और माल के नुकसान का जायजा लेने के लिए ओडिशा और बंगाल का दौरा करेंगे। वह पहले ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर पहुंचेंगे, जहां वह एक समीक्षा बैठक में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वह ओडिशा के बालासोर, भद्रक और बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले में यास से हुए नुकसान का हवाई सर्वे करेंगे। यही नहीं पीएम नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल में एक समीक्षा बैठक भी करेंगे। इस मीटिंग में राज्य की सीएम ममता बनर्जी भी मौजूद रह सकती हैं।

बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान यास (Cyclone Yaas) कमजोर होकर ‘डीप डिप्रेशन’ में बदल गया है और अगले 12 घंटों के दौरान इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि अगले 12 घंटों के दौरान चक्रवात के उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की संभावना है। बुधवार सुबह करीब नौ बजे तूफान ने लैंडफॉल की प्रक्रिया शुरू की थी।

बुधवार सुबह यास चक्रवात ओडिशा के धमरा पोर्ट पर पहुंचा था। 130 से 140 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार के साथ यह चक्रवात आगे बढ़ा है। यही नहीं बाद में इसकी गति बढ़ते हुए 155 kmph तक हो गई थी। पश्चिम बंगाल की चीफ मिनिस्टर ममता बनर्जी का कहना है कि इस चक्रवात से राज्य में 1 करोड़ लोग प्रभावित हुए हैं, वहीं 3 लाख से ज्यादा घरों को नुकसान पहुंचा है। सीएम ममता बनर्जी का कहना है कि प्रशासन ने राज्य में 15 लाख से ज्यादा लोगों को चक्रवात से पैदा हुए संकट से बाहर निकाला है। इन लोगों को चक्रवात से प्रभावित इलाकों से निकालकर सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया गया है।
यास चक्रवात ने बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुरा, दक्षिण 24 परगना और झारग्राम जिलों में नुकसान पहुंचाया है। इसके अलावा ओडिशा के बालासोर, भद्रक, जगतसिंह पुर, केंद्रपाड़ा, जाजपुर, केंओझार और मयूरभंज जिले यास चक्रवात से प्रभावित हुए हैं। यास चक्रवात के चलते ही बिहार, झारखंड और पूर्वी यूपी के कई इलाकों में भारी बारिश भी देखने को मिली है। हालांकि इन राज्यों में चक्रवात के चलते नुकसान की खबरें नहीं आई हैं।
यास ने लैंडफॉल पूरा किया, भीषण चक्रवात बाद में पड़ा कमजोर
‘अत्यंत भीषण’ चक्रवाती तूफान ‘यास’ ने बंगाल की खाड़ी में पहुंचकर लैंडफॉल की प्रक्रिया पूरी की और यह कमजोर होकर ‘गंभीर चक्रवाती’ तूफान में तब्दील हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के राष्ट्रीय मौसम पूवार्नुमान केंद्र ने कहा कि ‘यास’ बुधवार को दोपहर 12.30 बजे उत्तरी तटीय ओडिशा में अक्षांश 21.45 और देशांतर 86.8 ओई के पास केंद्रित हो गया है । वह बालासोर से लगभग 15 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण में ओडिशा में धामरा और बालासोर से होकर गुजर रहा है। अब वह गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है।


