

नई दिल्ली।

किसान आंदोलन (Farmer Protest) 18 दिनों से जारी है। तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन के बीच दिल्ली सिंघू बॉर्डर पर किसानों ने एक बैठक (Meeting) की।

बैठक के बाद किसान नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। किसानों ने ऐलान किया कि सोमवार को सभी किसान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक एक दिवसीय भूख हड़ताल (one-day hunger strike) पर रहेंगे। इसके अलावा सभी जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन भी किया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस (Press Conference) में भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा, 'आंदोलन से अवांछित तत्वों को दूर रखने के लिए भी निगरानी की जाएगी।उन्होंने कहा कि आज गाजियाबाद बॉर्डर पर कुछ गलत एलीमेंट पोस्टर लेकर आंदोलन में शामिल हुए थे, उन्हें हम लोगों ने हटाया और आगे भी हम लोगों को ऐसे लोगों पर नजर रखनी है।'
वहीं, किसान नेता शिव कुमार कक्का ने कहा, 'हमारा रुख स्पष्ट है, हम चाहते हैं कि तीनों कृषि कानूनों को निरस्त किया जाए। इस आंदोलन में भाग लेने वाले सभी किसान यूनियन एक साथ हैं.'



