नई दिल्ली।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का निधन हो गया है। 71 वर्षीय अहमद पटेल क़रीब एक महीने पहले कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे। उनका निधन दिल्ली के एक अस्पताल में हुआ।

उनके बेटे फ़ैसल पटेल ने ट्विटर पर बताया कि बुधवार सुबह 3.30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

फ़ैसल पटेल ने यह भी लिखा कि, "अपने सभी शुभचिंतकों से अनुरोध करता हूं कि इस वक्त कोरोना वायरस के नियमों का कड़ाई से पालन करें और सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर दृढ़ रहें और किसी भी सामूहिक आयोजन में जाने से बचें।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमद पटेल के निधन पर शोक जताते हुए लिखा है कि 'अपने तेज़ दिमाग़ के लिए जाने जाने वाले पटेल की कांग्रेस को मज़बूत बनाने में भूमिका को हमेशा याद रखा जाएगा'।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अहमद पटेल के निधन पर ट्वीट कर लिखा है – "ये एक दुखद दिन है। अहमद पटेल पार्टी के एक स्तंभ थे। वे हमेशा कांग्रेस के लिए जिए और सबसे कठिन समय में पार्टी के साथ खड़े रहे। हम उनकी कमी महसूस करेंगे।फ़ैसल, मुमताज़ और उनके परिवार को मेरा प्यार और संवेदना।"
अहमद पटेल कांग्रेस पार्टी के कोषाध्यक्ष थे। वो कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार भी रहे। वे 1985 में राजीव गांधी के संसदीय सचिव भी रहे थे। कांग्रेस पार्टी के कोषाध्यक्ष के तौर पर उनकी नियुक्ति 2018 में हुई थी। आठ बार के सांसद रहे पटेल तीन बार लोकसभा के लिए चुने गए और पाँच बार राज्यसभा के लिए। आख़िरी बार वो 2017 में राज्यसभा गए और यह चुनाव काफ़ी चर्चा में रहा था।


