नई दिल्ली।

भारतीय वायुसेना के लिए आज का दिन काफी अहम है। राफेल लड़ाकू विमान फ्रांस से 7000 किलोमीटर की दूरी तय कर आज भारत की सरजमीं पर उतर चुका है। अचूक और दुश्मनों को पलभर में खाक करने वाले इस लड़ाकू विमान को भारतीय पायलटों ने लाया। अंबाला स्थित भारतीय वायुसेना हवाईअड्डे पर 5 मल्टी-रोल फाइटर जेट राफेल लैंड कर चुके हैं। IAF के पायलट इन विमानों को फ्रांस से लेकर आए।

बुधवार दोपहर को अंबाला एयरबेस पर पांचों राफेल विमान लैंड हुए, फ्रांस से भारत को मिलने वाले कुल 36 विमानों की ये पहली खेप है. रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, इन विमानों के मिलने के बाद भारत की चीन और पाकिस्तान बड़ी बढ़त हासिल हो गई है. एकसाथ कई तरह के अचूक काम को अंजाम देने वाले राफेल लेह में तैनात किया जाएगा. भारतीय वायुसेना के पास फिलहाल इस टक्कर का कोई विमान नहीं है. मल्टी रोल फाइटर जेट राफेल एकसाथ कई लक्ष्यों पर निशाना लागने में माहिर है. विशेषज्ञों के अनुसार, राफेल पाकिस्तान के F-16 और चीन के J-20 के मुकाबले काफी क्षमतावान है. भारतीय वायुसेना को इस विमान के कारण बड़ी ताकत मिलेगी.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को भारत में राफेल लड़ाकू विमानों की सफल लैंडिंग पर वायुसेना को बधाई दी. राफेल की लैंडिंग के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लगातार कई ट्वीट किए. राजनाथ सिंह ने अंबाला में राफेल फाइटर जेट की लैंडिग का वीडियो भी ट्वीट किया है.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा कि नई चिड़िया अंबाला में लैंड कर गई हैं, राफेल विमान भारतीय वायुसेना की जरूरतों को हर तरह से पूरा करते हैं. इन विमानों को लेकर जो आरोप लगाए गए थे, उनका पहले ही जवाब दे दिया गया है. राफेल लड़ाकू विमान एक नए युग की शुरुआत हैं.
राजनाथ ने राफेल की खूबियों के बारे में ट्वीट करते हुए लिखा, 'इस लड़ाकू विमान की फ्लाइंग परफॉर्मेंस बहुत ही अच्छी है और इसके हथियार, रेडार और दूसरे सेंसर, इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर क्षमताएं इसे दुनिया में सर्वश्रेष्ठ की कतार में खड़ी करती हैं। भारत में इसका आगमन हमारे देश पर किसी भी आने वाले खतरे को नाकाम करने के लिए इंडियन एयर फोर्स को और ज्यादा ताकतवर बनाएगा।'
5 राफेल लड़ाकू विमानों की अंबाला में लैंडिंग पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर कहा कि भारत की क्षेत्रीय अखंडता पर बुरी नजर रखने की चाहत वालों को इससे चिंता होनी चाहिए।




