नई दिल्ली।

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने 10वीं और 12वीं की शेष परीक्षाओं की डेटशीट शनिवार को जारी नहीं की. अब 18 मई को टाइम टेबल जारी किया जायेगा।

मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने शनिवार शाम ट्वीट कर इसके बारे में जानकारी दी है. उन्होंने लिखा कि 'सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट को अंतिम रूप देने से पहले कुछ अतिरिक्त तकनीकी पहलुओं को ध्यान में रख रहा है, इस वजह से आज 5 बजे होने वाली कक्षा 10वीं और 12वीं परीक्षा की डेटशीट की घोषणा अब सोमवार 18-05-2020 तक होगी.'

इससे पहले डेटशीट आज जारी होने की सूचना केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने ही शनिवार सुबह ट्वीट कर दी थी. उन्होंने कहा था, "कोरोना संकट के चलते सीबीएसई की बची हुई परीक्षाओं की अनिश्चितता बनी हुई थी. आज यह अनिश्चितता को दूर करते हुए और विद्यार्थियों की उत्सुकता को देखते हुए हम कक्षा 10वीं और 12वीं परीक्षा की डेट शीट शाम 5 बजे जारी कर रहे हैं".
बता दें कि सीबीएसई 10वीं और 12वीं की शेष परीक्षाएं 1 जुलाई से 15 जुलाई 2020 के बीच आयोजित होनी हैं. आज यह पता चलना था कि कौन सा पेपर किस दिन होगा, लेकिन यह टल गया. अब छात्रों को टाइम टेबल के लिए 18 मई तक का इंतजार करना होगा।


