नई दिल्ली।

अफवाहों से बचने और कोरोना से जुड़ी सटीक जानकारियां लोगों तक पहुंचाने के लिए भारत सरकार ने व्हाट्सएप के साथ मिलकर एक चैटबॉट लॉन्च किया है। चैटबॉट को 'माईगॉव कोरोना हेल्पडेस्क लॉन्च' 'MyGov Corona Helpdesk' कहा जा रहा है।

भारत सरकार के इस मिशन में तकनीकी सहयोग रिलायंस की सहायक कंपनी जियो हैप्टिक टेक्नोलॉजीज्स लिमिटेड ने दिया है। जियो हैप्टिक ने इस चैटबॉट का विकास भारत सरकार की जरूरतों को समझते हुए बिलकुल मुफ्त में किया है।

जियो हैप्टिक द्वारा विकसित इस चैटबॉट का इस्तेमाल एक दम सरल है। अगर आप व्हाट्सएप प्रयोग करते हैं तो आप इससे जुड़ सकते हैं। इसके लिए एक विशेष व्हाट्सएप नंबर +919013151515 जारी किया गया है। इस नंबर पर एक व्हाट्सएप मैसेज भेज कर आप सीधे चैटबॉट से जुड़ जाएंगे। चैटबॉट को जियो हैप्टिक ने फ्री में डेवलप किया है और इसे एनईजीडी और माईगॉव (एमईआईटीवाई के तहत) से प्राप्त निर्देशों के आधार पर रियल टाइम पर अपडेट किया जाएगा।
यह चैटबॉट कोरोना से लड़ाई में बड़ा हथियार साबित होगा क्योंकि देश में 40 करोड़ से अधिक लोग व्हाट्सएप का प्रयोग करते हैं। ऐसे सभी लोगों के पास अब कोरोना वायरस से संबंधित नवीनतम और सटीक जानकारियां उपलब्ध होंगी। ग्रामीण क्षेत्रों में 6 करोड़ से अधिक जियोफोन ग्राहकों को भी व्हाट्सएप की सुविधा उपलब्ध है।
स्वास्थ्य मंत्रालय से सत्यापित आंकड़ों से लैस, यह चैटबॉट नोवेल कोरोना वायरस के संबंध में अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्नों का सही जवाब दे सकता है। इसमें आवश्यक एहतियाती उपाय, लक्षण, तथ्यों की जानकारी, हेल्पलाइन नंबर, इलाके में प्रभावित केस, यात्रा संबंधी सरकारी सलाह, इन्फोरमेटिव वीडियो आदि शामिल हैं। चैटबॉट रियल टाइम में अपडेट होता है। रियल टाइम अपडेट से झूठी जानकारियां के फैलाव पर अंकुश लगेगा जिससे बड़े पैमाने पर उन्माद पैदा होने की आशंका को रोका जा सकता है।




