नई दिल्लीः

ट्रिपल तलाक पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को पीएम ने ऐतिहासिक बताया है. पीएम ने कहा कि महिला सशक्तीकरण की दिशा में ये महत्वपूर्ण कदम है.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तीन तलाक पर सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का स्वागत किया है. इस फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे मुस्लिम महिलाओं को समानता का अधिकार मिलता है और यह महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रभावशाली उपाय है.
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘तीन तलाक पर माननीय सर्वोच्च न्यायालय का फैसला ऐतिहासिक है. इससे मुस्लिम महिलाओं को समानता का अधिकार मिलता है और यह महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रभावशाली उपाय है’.

आपको बता दें कि 15 अगस्त के मौके पर भी पीएम ने लाल किले के प्राचीर से तीन तलाक का मुद्दा उठाया था. उन्होंने कहा था कि महिलाओं को बराबरी का हक मिलेगा. इसके अलावा भी विभिन्न मौकों पर मोदी समय-समय पर तीन तलाक से मुस्लिम महिलाओं को होने वाली परेशानी को मुखरता से उठाते रहे हैं.
पीएम मोदी ने गत 29 अप्रैल को अन्तरराष्ट्रीय बसावा सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए भी कहा था कि मुझे उम्मीद है कि मुस्लिम समाज से ही कुछ ऐसे जागरूक लोग निकलेंगे जो तीन तलाक को खत्म करने का प्रयास करेंगे, ताकि हमारी मुस्लिम बेटियों व माताओं को इस दिक्कत से बाहर निकाला जा सके.



