नई दिल्लीः

केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी गीतकार प्रसून जोशी को मिली है. प्रसून जोशी केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के अध्यक्ष नियुक्त किए गए है. पहलाज निहलानी को सीबीएफसी के अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है.
प्रसून जोशी ने ‘दिल्ली 6’, ‘तारे जमीन पर’, ‘रंग दे बसंती’, ‘हम तुम’ और ‘फना’ जैसी फिल्मों के लिए कई सुपरहिट गाने लिखे हैं. फिल्म ‘लज्जा’, ‘आंखें’, ‘क्योंकि’ में संगीत दिया है. ‘ठण्डा मतलब कोका कोला’ एवं ‘बार्बर शॉप-ए जा बाल कटा ला’ जैसे प्रचलित विज्ञापनों के कारण उन्हे अन्तर्राष्ट्रीय मान्यता मिली है.

►गीतकार प्रसून जोशी को कई पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है…

•'शैलेंद्र सम्मान'
•सुपरहिट फिल्म ‘तारे जमीन पर’ के गाने ‘मां…’ के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार, और
•सर्वश्रेष्ठ गीतकार का फिल्मफेयर पुरस्कार (‘मां‘के लिए 2007 और ‘चांद् सिफारिश‘ के लिए 2008)
केंद्र सरकार ने सिनेमैटोग्राफ (प्रमाणन) नियम, 1983 के नियम 3 के साथ सिनेमैटोग्राफ अधिनियम, 1952 (1952 की 37) की धारा 3 की उप-धारा (1) के तहत मिले अधिकारों का उपयोग करते हुए प्रसून जोशी को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया है. जोशी की यह नियुक्ति मानद हैसियत से 11 अगस्त, 2017 से प्रभावी हो गई है. यह नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तिथि से लेकर अगले तीन वर्षों तक या अगले आदेश तक, इनमें से जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगी.
उड़ता पंजाब, हरामखोर, इंदु सरकार और लिपिस्टक अंडर माई बुर्का जैसी फिल्मों पर विवाद के कारण पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी सुर्खियों में रहे हैं. कुछ दिनों पहले ही पहलाज़ निहलानी ने कहा था कि अगर उन्हें पद छोड़ने के लिए कहा जायेगा तो वे अपना पद छोड़ देंगे.



