Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोमवार को हुए एक सड़क हादसे में कॉमेडियन, यूट्यूबर, एक्टर देवराज पटेल की मृत्यु हो गई। 21 वर्षीय देवराज राज्य के हास्य कलाकार थे। उनके निधन पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुख व्यक्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तेलीबांधा क्षेत्र में एक अनियंत्रित ट्रक ने देवराज पटेल की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। कहा जा रहा है कि देवराज यूट्यूब के लिए वीडियो बनाने नया रायपुर गए थे। वहां से लौटते वक्त उनके साथ हादसा हुआ।
देवराज पटेल के निधन पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दु:ख व्यक्त करते हुए ट्वीट किया- दिल से बुरा लगता है, करोड़ों लोगों के बीच अपनी जगह बनाने वाले, हम सबको हंसाने वाले, देवराज पटेल आज हमारे बीच से चले गए, इस बाल उम्र में अद्भुत प्रतिभा की क्षति बहुत दुखदाई है। ईश्वर उनके परिवार और चाहने वालों को यह दुख सहने की शक्ति दे।
भूपेश बघेल ने अपने इस ट्वीट के साथ एक वीडियो टैग किया है, जिसमें देवराज पटेल मुख्यमंत्री बघेल की मौजूदगी में कह रहे हैं कि छत्तीसगढ़ में दो ही लोग फेमस हैं एक मैं और एक मोर काका। इस वीडियो को 10 मिलियन से ज्यादा लोगों ने देखा था। (IANS)