
Bilaspur: बिलासपुर में चाकूबाजी की घटना थमने का नाम नहीं ले रही है। मामूली बात को लेकर अपराधी चाकू से हमला कर रहे हैं। इस बार एक और चाकूबाजी की घटना रविवार सुबह उस वक्त हो गई जब मगरपारा निवासी रघुराज यादव सुबह कंपनी गार्डन में घूमने गया था। इसी बीच कुछ बदमाश आए और विवाद करते हुए चाकू से हमला कर दिए।

जानकारी के अनुसार रघु यादव विवेकानंद उद्यान में लगे झूले पर झूला झूल रहा था। इसी दौरान चांटीडीह क्षेत्र के कुछ बदमाश वहां पहुंचे और गार्डन में लगे झूले में बैठकर झूला झुलाने के लिए कहने लगे। युवक के इनकार करने पर आरोपितों ने रघु के साथ विवाद किया। जिसके बाद बदमाशों ने रघु यादव की पिटाई शुरू कर दी।

इसी बीच एक बदमाश ने अपने पास मौजूद चाकू से रघु यादव पर जानलेवा हमला किया। चाकू रघु यादव के जांघ में घुस गया। चाकूबाजी के बाद बदमाश भाग खड़े हुए लेकिन उनका चाकू रघु यादव के जांघ में फंसा रहा। जिसके बाद खून से लथपथ रघु यादव को लेकर कुछ लोग तुरंत सिम्स पहुंचे। पर उसका उपचार शुरू नही हुआ, बता दें सुबह 5:30 बजे सिम्स पहुंचे घायल को तत्काल कोई इलाज नहीं मिल पाया। वही घायल साथ मौजूद धनंजय गोस्वामी ने डीन से लेकर तमाम चिकित्सकों को फोन लगाया, जिसके बाद भी टालमटोल रवैया जारी रहा।
आखिरकार, दोपहर 12:00 बजे जाकर घायल युवक का ऑपरेशन हो पाया। चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर उसकी जांघ में फंसे चाकू को बाहर निकाला। सिविल लाइन पुलिस ने इस मामले में घायल युवक का बयान दर्ज किया है और आरोपितों की पतासाजी शुरू कर दी है।


