बीजापुर।

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में शनिवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ तर्रेम थाना क्षेत्र के जंगलों में हुई। इसमें 5 जवान शहीद हो गए हैं। करीब 3 घंटे से ज्यादा चली मुठभेड़ में कोबरा के 1, बस्तरिया बटालियन के 2 और DRG के 2 जवान शहीद हो गए। 3 नक्सलियों के भी मारे जाने की खबर है, इनमें एक महिला नक्सली भी शामिल है। मुठभेड़ में सुरक्षाबलों के 12 जवान घायल भी हो गए हैं। SP कमल लोचन कश्यप ने मुठभेड़ की पुष्टि की है।

जानकारी के मुताबिक, 2 अप्रैल की रात बीजापुर और सुकमा से DRG, STF, CRPF और कोबरा बटालियन के जवानों को नक्सलियों का गढ़ कहे जाने वाले दक्षिण बस्तर इलाके में ज्वाइंट ऑपरेशन के लिए भेजा गया था। काफी लंबे समय से झीरम हमले के मास्टरमाइंड हिड़मा के गांव में नक्सलियों का जमावड़ा लग रहा था। इसकी सूचना पर जवान पहुंचे थे। इस पार्टी में बीजापुर के तर्रेम से 760, उसूर से 200, पामेड़ से 195, सुकमा के मिनपा से 483 और नरसापुरम से 420 जवान रवाना किए गए थे। अगले दिन शनिवार दोपहर करीब 12 बजे सुकमा-बीजापुर बार्डर पर सुकमा जिले के जगरगुंडा क्षेत्र के जोनागुड़ा गांव के पास नक्सलियों से मुठभेड़ हुई। करीब चार से पांच घंटे चली मुठभेड़ शाम 5 बजे तक खत्म हो गई। इसके बाद बैकअप के लिए एक्स्ट्रा फोर्स भेजी गई है। वहीं, शहीद जवानों के शव और घायल जवानों को रेस्क्यू करने के लिए हेलीकॉप्टर भी भेजे गए।


शाम तक मुठभेड़ के बारे में आधिकारिक जानकारी दिए जाने की उम्मीद है। शहीद जवानों का पोस्टमार्टम रविवार को होगा।
दूसरी ओर गंगालूर क्षेत्र के चेरपाल के पास मोदीपारा में CRPF 85 बटालियन के जवानों ने 8 किलो का IED विस्फोटक बरामद किया है। नक्सलियों ने इसे जवानों को निशाना बनाने के लिए प्लांट किया था। यह विस्फोटक जवानों ने शनिवार सुबह करीब 7.30 बजे बरामद किया है। इसके बाद इसे विस्फोट कर नष्ट कर दिया गया।




