Bihar Sharif: नालंदा जिले में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। महमदपुर पंचायत के पूर्व मुखिया स्वर्गीय अनिल कुमार के बंद घर से करीब तीन करोड़ रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना अस्थावां थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव की है।

पूर्व मुखिया के पुत्र अविनाश कुमार ने बताया कि 30 जनवरी को उनके पिता की पुण्यतिथि थी। इस अवसर पर परिवार के सभी सदस्य 29 जनवरी को पैतृक गांव शेरपुर पहुंचे थे। 31 जनवरी को पूजा-पाठ संपन्न होने के बाद दोपहर करीब एक बजे सभी सदस्य बिहारशरीफ के एतवारी बाजार स्थित अपने आवास लौट गए। घर पूरी तरह खाली था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और चोरी के बाद अपनी ओर से नया ताला लगा दिया, ताकि किसी को तुरंत शक न हो। हालांकि, भागते समय वे छत का दरवाजा खुला छोड़ गए। ग्रामीणों ने जब ऊपर का दरवाजा खुला देखा तो उन्हें संदेह हुआ और परिवार को सूचना दी।
सूचना मिलते ही परिजन गांव पहुंचे तो चोरी का खुलासा हुआ। पीड़ित परिवार ने बताया कि घर में रखे गोदरेज अलमारी को तोड़कर चोर करीब तीन करोड़ के आभूषण और 60 हजार रुपये नकद ले गए। वर्तमान बाजार मूल्य के अनुसार चोरी गई संपत्ति की कीमत करीब 3 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
घटना के बाद पुलिस ने शक के आधार पर गांव के तीन युवकों को हिरासत में लिया। इसके विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं अस्थावां थाना पहुंच गईं और निर्दोषों को फंसाने का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना था कि तीनों युवक मेहनत-मजदूरी करते हैं और उनका घटना से कोई संबंध नहीं है। भारी विरोध और स्थानीय मुखिया-सरपंच के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने पूछताछ कर तीनों को छोड़ दिया।
पुलिस ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि सूचना मिलते ही अस्थावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। संदिग्धों की तलाश में छापेमारी जारी है और जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जायेगा।



