Patna: बिहार के फर्जी सरकारी शिक्षकों के खिलाफ सरकार ने कड़ा एक्शन लिया है। पिछले 10 साल के दौरान 3 हजार शिक्षकों के प्रमाण पत्र फर्जी पाए जाने पर अब उनसे करोड़ों रुपए वसूले जायेंगे। शिक्षकों के फर्जी पाए जाने के बाद उन पर कार्रवाई की तैयारी की गई है।

जानकारी के मुताबिक, शिक्षक फर्जी बीएड, बीए, बीएससी, गलत रेसिडेंस, कास्ट और आधार कार्ड का इस्तेमाल कर रहे थे। प्रमाण पत्र फर्जी मिलने के बाद अब उनसे वेतन वसूलने के साथ-साथ ब्याज भी वसूला जाएगा. पहले फेज में 3000 शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। 3 हजार फर्जी शिक्षकों को लगभग 1400 करोड़ रुपए वेतन दिए गए हैं।

शिक्षा विभाग के अधिकारियों की माने तो, लगभग 12 हजार शिक्षक संदिग्ध पाए गए हैं। इन सभी शिक्षकों के प्रमाण पत्र के जांच किए जा रहे हैं। जांच के बाद प्रमाण पत्र फर्जी पाए जाने के बाद उन पर कार्रवाई भी की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, पंचायत लेवल पर राज्य के 38 जिलों में 3.68 लाख नियोजित शिक्षकों की नियुक्ति हुई थी। शिक्षा विभाग के तरफ से इनके प्रमाण पत्र की जांच की गई थी। जिन शिक्षकों के प्रमाण पत्र की जांच की जा रही है, उनमें बिहार के साथ-साथ यूपी, पश्चिम बंगाल, झारखंड, दिल्ली और हरियाणा के शिक्षक भी शामिल हैं। जांच के दौरान जिन भी शिक्षकों के प्रमाण पत्र फर्जी पाए जायेंगे, उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।



