
Jamui: बिहार के जमुई से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस पर गांव वालों ने धावा बोल दिया। भीड़ में महिला, पुरुष और बच्चों ने पुलिस टीम पर लाठी-डंडे बरसाने शुरू कर दिए। पुलिस वालों को इस कदर बेरहमी से पीटा कि पुलिस का जवान हाथ जोड़कर बक्श देने की गुहार लगाता दिखाई दिया। तो वहीं, महिला सिपाही के साथ बदसलूकी की गई। वह फूट-फूटकर रोती रही।

पुलिस ने हमले के 13 आरोपियों को धरदबोचा है।

जमुई जिले के बरहट थाना इलाके के कदुआतरी गांव में अवैध शराब भट्टी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने अचानक हमला बोल दिया। इस हमले का एक वीडियो भी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मी ग्रामीणों के सामने लाचार और बेबस नजर आ रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को बरहट थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि कदुआतरी गांव में अवैध शराब की भट्टी चलाई जा रही है। इसी सूचना पर पुलिस की टीम कार्रवाई करने के लिए गांव पहुंची। लेकिन जैसे ही पुलिस ने छापेमारी शुरू की, वहां मौजूद दर्जनों ग्रामीण अचानक आक्रोशित हो उठे और पुलिस पर हमला बोल दिया।
हमले के दौरान न केवल पुरुष पुलिसकर्मियों को घेरकर पीटा गया, बल्कि टीम में मौजूद महिला सिपाही के साथ भी बदसलूकी की गई। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला सिपाही रोते-बिलखते ग्रामीणों से बचने की कोशिश कर रही है, जबकि उसके साथी हाथ जोड़कर भीड़ से दया की गुहार लगा रहे हैं। बावजूद इसके, ग्रामीण उन्हें लगातार धक्का-मुक्की और मारपीट करते दिख रहे हैं।
स्थिति इतनी बिगड़ गई कि हथियारों से लैस पुलिसकर्मी भी खुद को असहाय महसूस करने लगे। ग्रामीणों की भीड़ ने पुलिस को गांव से खदेड़ दिया। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि पुलिस के जवान अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे हैं और ग्रामीण उनके पीछे-पीछे दौड़ते हुए पत्थर और लाठियां चला रहे हैं। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश पर आसपास के थानों की टीमों को भेजा गया और गांव में सघन छापेमारी की गई। इस दौरान हमले में शामिल 13 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि और भी कई लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सबको गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सदर एसडीपीओ सतीश सुमन ने बताया कि गुप्त सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्यवाही के लिए बरहट थाने से दो पुलिस पदाधिकारी तीन सशस्त्र बल और चौकीदार के द्वारा चिन्हित स्थान पर छापेमारी की गई थी। उन्होंने बताया कि बरहट थाना क्षेत्र के कदुआतारी इलाके में भारी मात्रा में अवैध शराब बनाने का समान अर्थ निर्मित स्थिति में मिले थे। पुलिस द्वारा उसका विनष्टीकरण किया जा रहा था। तभी गांव के लोगों के द्वारा ढोल नगाड़े बजाकर सभी लोगों को एकत्रित कर लिया और मौके पर पहुंचे पुलिस टीम पर हमला कर दिया। पुलिस और महिला पुलिस कर्मी के साथ मारपीट किया गया उसके सशस्त्र बल छीनने की कोशिश भी की गई। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम को छुड़ाने के लिए पुलिस वालों को भेजा गया और उन्हें छुड़ाकर थाना लाया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस के द्वारा एक प्राथमिक की दर्ज करने के बाद छापेमारी कर 13 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया और गिरफ्तार की गई। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।


