
Jamui News: जमुई में पुलिस द्वारा एक विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान 24 लाख 67,000 रुपए कैश और भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां बरामद की गईं। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हलचल मच गई है, और मामले की गहन जांच की जा रही है।

जमुई पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से बिहार के रास्ते कुछ अवैध दवाइयां लाई जा रही हैं। इस सूचना के आधार पर, जमुई एसपी डॉक्टर शौर्य सुमन के निर्देशन में एक पुलिस टीम गठित की गई।

टीम का नेतृत्व झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार कर रहे थे। इस अभियान के तहत पुलिस ने चकाई की ओर से आने वाले सभी वाहनों की जांच शुरू किया। इसी क्रम में पुलिस ने एक ऑटो को रोका जिसमें तीन व्यक्ति सवार थे।

संदेह के आधार पर जब ऑटो की तलाशी ली गई, तो उसमें प्लास्टिक के बोरे में बंद भारी मात्रा में अंग्रेजी दवाइयां और 24 लाख 67,000 रुपए कैश बरामद हुए। ऑटो में मिले दवाइयों और नकदी के स्रोत का पता लगाने के लिए ड्रग इंस्पेक्टर और आयकर विभाग के अधिकारियों को भी बुलाया गया है।
जांच के दौरान पकड़े गए व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है, लेकिन वे संतोषजनक जवाब देने में असफल रहे हैं। पुलिस इस मामले के सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने की उम्मीद है।
इस मामले में स्थानीय प्रशासन और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है, जिसने अवैध गतिविधियों को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जमुई पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लिया है और मामले की पूरी तरह से जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


