
Vaishali: बिहार के वैशाली में संदिग्ध परिस्थिति में तीन दर्जन से अधिक पशु की मौत हो गई। जिले के राघोपुर प्रखंड के अलग-अलग थाना क्षेत्र के विभिन्न पंचायत में पशुओं ने दम तोड़ा। यह क्षेत्र नीतीश सरकार के उपमुख्यमंत्री और आरजेडी सुप्रीमो तेजस्वी यादव का विधानसभा क्षेत्र है। किसानों ने अपने विधायक से सहायता दिलाने की मांग की है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पटना स्थित एक दुकान से एक कंपनी का सत्तू लाकर भैंसों को खिलाया गया था जिसके बाद से भैंसों की मौत हो रही है। माना जा रहा है कि मौत का आंकड़ा धीरे-धीरे बढ़ सकता है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कुछ और पशु मरे हैं और मौत का सिलसिला जारी है।

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक पशुपालक पटना के कच्ची दरगाह स्थित एक दुकान से सत्तू खरीद कर लाए थे। पशुपालकों ने वहां से सत्तू लिया उनके पशु बीमार हो लगे और मौत का शिकार हो गए। निर्माता कंपनी सृष्टि कंपनी पटना के दीदारगंज में है। राघोपुर प्रखंड के बहरामपुर सैदाबाद मोहनपुर जफराबाद रामपुर श्यामचंद आदि पंचायत में करीब तीन दर्जन से अधिक पशु की मौत की खबर है।
पशुपालन पदाधिकारी ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने पर स्पष्ट होगा कि पशुओं की मौत किस कारण हुई।
इस मामले में एसडीओ रामबाबू बैठा ने कहा कि बड़ी संख्या में पशुओं की मौत हुई है। इसके कारणों की जानकारी ली जा रही है। इसी मकसद से सभी पशुओं का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। एसडीओ ने बताया कि पटना के दीदारगंज स्थित एक कंपनी के सत्तू खिलाने से पशु की मौत की बात कही जा रही है। छानबीन में तथ्य सामने आए तो संबंधित कंपनी पर भी कार्रवाई की जाएगी। इलाके में प्रशासन अपना काम कर रहा है। अन्य पशुओं की स्वास्थ्य जांच के लिए पशुपालन विभाग को लगाया गया है।



