
Jamui: जमुई जिले में सड़क हादसे का एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। जिसमें साफ देखा जा सकता है कि एक बाइक सवार ने किस तरह सड़क किनारे खड़े एक शख्स ठोकर मार दी, जिससे वह हवा में उछल गया और करीब दस फीट दूर जाकर गिरा। जिसके बाद मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना जिले के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के जिन्हरा की है। मृतक की पहचान जिन्हरा गांव निवासी 45 वर्षीय पेंचू मंडल पिता सुखदेव मंडल के रूप में किया गया है। सड़क हादसे किया पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बताया जाता है कि मंगलवार देर शाम पेंचू मंडल सड़क किनारे खड़ा था, उसे सड़क के दूसरी तरफ जाना था। वह गाड़ियों के पार होने का इंतजार कर रहा था। इतने में लक्ष्मीपुर की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उसे ठोकर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह हवा में उछल गया और करीब 10 फीट दूर जाकर गिर गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई तथा घायल शख्स को इलाज के लिए लक्ष्मीपुर रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के दौरान मृत घोषित कर दिया।
बाइक सवार अपना वाहन लेकर भाग निकलने में कामयाब हुए। घटना के बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई। जिसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। बताया जाता है कि मृतक गांव स्थित काली मंदिर के पास खड़ा था तभी बाइक ने उसे ठोकर मार दी। घटना के बाद लोगों में आक्रोश है तथा इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।



