
Jamui/Deoghar: जमुई पुलिस ने चकाई स्थित स्टेट बैंक शाखा में हुई लूट मामले के मास्टर मांइड नसीम को गिरफ्तार कर लिया है। जमुई पुलिस उससे अभी पुछताछ करने में जुटी है। नसीम मूल रूप से हजारीबाग जिला के बरही का रहने वाला है।

हालाँकि इसे लेकर जमुई पुलिस कुछ विशेष जानकारी देने से कतरा रही है। सूत्रों कि माने तो देवघर पुलिस की एक टीम मोहनपुर थाना क्षेत्र स्थित स्टेट बैंक में पूर्व में हुए 15 लाख रूपये की लूट और 10 मई को नगर थाना क्षेत्र के झोंसागढ़ी स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में लूट के प्रयास के मामले में नसीम से पुछताछ करने चकाई गयी है।

सूत्रों ने बताया कि नसीम का बैंक लूटने का पुराना इतिहास रहा है। इस मामले में वह जेल की हवा भी खा चुका है। सूत्रों ने बताया कि नसीम को जमुई पुलिस ने रांची से गिरफ्तार किया है। वह रांची में ही एक भाड़े के मकान में रह रहा था। काफी मशक्क्त के बाद जमुई पुलिस को उसे दबोचने में सफलता मिली है। बताया जाता है कि पिछले कई वर्षों से वह अपना गावं नहीं गया है। उसका पेशा है सिर्फ लूट पाट करना और बाहर रहकर ऐश ओ आराम की जिंदगी जीना। उसके गैंग में देवघर, बांका, गिरिडीह, चतरा, पलामू हजाारीबाग सहित बिहार के अन्य जिला के अपराधी शामिल हैं। जिसका खुलासा भी हो चुका है।


