
Saharsa: जयपुर में आयोजित दिग्विजय सिंह मेमोरियल शॉटगन शूटिंग चैंपियनशिप 2022 में स्वर्ण पदक जीतने पर जमुई से भाजपा विधायक तथा अंतरराष्ट्रीय अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित शूटर श्रेयसी सिंह को सहरसा सिविलियन राइफल क्लब की अध्यक्ष एसपी लिपि सिंह एवं सचिव त्रिदिव सिंह के साथ-साथ क्लब के सभी सदस्यों ने अपनी बधाइयां दी।

बहुत ही कम उम्र में शूटिंग के क्षेत्र में एक लंबा सफर तय कर चुकी और द गोल्डन गर्ल ऑफ बिहार के नाम से मशहूर हो चुकी श्रेयसी सिंह ने अपने अंतराष्ट्रीय कैरियर की शुरुआत 2009 में जूनियर केटेगरी गोल्ड जीतने के साथ की। इसके साथ ही 2010 में दिल्ली में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में उन्होंने सिंगल और टीम इवेंट में हिस्सा लिया।2013 में उन्होंने मेक्सिको में हुए ट्रैप शूटिंग वर्ल्ड कप में इंडियन टीम की सदस्य के रूप में हिस्सा लिया। 2014 में साउथ कोरिया के इंचियोन में हुए एशियन गेम्स के डबल ट्रैप इवेंट में उन्होंने शगुन चौधरी तथा वर्षा वर्मा के साथ भाग लिया और कांस्य पदक प्राप्त किया।


अपने शूटिंग कैरियर के साल 2017 में बिहार में हुए नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में उन्होंने गोल्ड मेडल जीता। बकौल श्रेयसी वर्ष 2018 उनके जीवन का अबतक का सबसे यादगार वर्ष रहा जब उन्होंने ग्लासगो, स्काटलैंड में सम्पन्न कामनवेल्थ गेम्स के वूमन कैटेगरी में डबल ट्रैप के गोल्ड मेडल पर निशाना लगाया और देश और बिहार का नाम ऊंचा किया। कुछ दिन पूर्व ही उन्होंने नेशनल गेम्स-2022 में दो रजत पदक अपनी झोली में डाले। फोन पर वार्ता के दौरान श्रेयसी ने कहा कि उनका पूरा ध्यान अभी 2023 में होने वाले एशियन गेम्स और 2024 ओलंपिक गेम्स की तैयारियों पर है।
उन्होंने बताया कि अभी वो डैमियन डिम्पिनयो एवं रफन मार्क एवं लौरेन मार्क की कोचिंग में अपने आगे के शूटिंग सफर की तैयारियां कर रही हैं। युवाओं और खासकर के लिए बिहार की बेटियों को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शाटकट नहीं होता और कड़ी मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए एक मात्र रास्ता कठिन परिश्रम और समर्पित रूप से अभ्यास करना है।
अपनी उपलब्धि में उन्होंने अपने परिवार में अपनी माँ और पूर्व संसद सदस्य पुतुल कुमारी बहन मानसी सिंह और अपने चाचा तथा बिहार राज्य राइफल संघ के सचिव कुमार त्रिपुरारी सिंह के समर्थन और सहयोग को याद किया। एक जनप्रतिनिधि और अंतराष्ट्रीय शूटिंग जगत के सितारे के रूप में दोनों क्षेत्र में उन्होंने पर्याप्त उपस्थित और उपलब्धि प्राप्त कर रखी है। जनसेवा का कार्य भी वो स्पोर्ट्समैन स्पीरिट के साथ ही करना पसंद करती हैं।


