
Begusarai: बिहार के बेगूसराय में अग्निवीर बनने की तैयारी कर रही एक छात्रा संदिग्ध हालत में लापता हो गई है। लापता लड़की का दुपट्टा बूढ़ी गंडक नदी के किनारे से बरामद किया गया है। घटना नावकोठी थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव की है।

गायब छात्रा स्थानीय निवासी पंकज सिंह की पुत्री प्रिया कुमारी है। लापता लड़की की बूढी गंडक नदी में डूबने की आशंका पर सैंकड़ों लोगों की भीड़ वृंदावन घाट पर जुटी हुई है तथा स्थानीय गोताखोर नदी में तलाश कर रहे हैं।

पंकज सिंह की बड़ी पुत्री प्रिया कुमारी अग्निवीर की तैयारी कर रही थी एवं अभ्यास के लिए रोजाना सुबह चार बजे घर से निकलती थी। रोज की तरह गुरुवार की सुबह भी घर से निकली, लेकिन काफी देर बाद भी लौट कर घर नहीं आई। इसके बाद परिजनों एवं ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू किया तो उसका दुपट्टा बूढ़ी गंडक नदी के किनारे से मिला है। लेकिन नदी सहित अन्य जगहों पर काफी खोजबीन के बावजूद छात्रा का कुछ पता नहीं चल सका है।
मामले की सूचना प्रशासन को भी दी गई है तथा सभी अपने-अपने स्तर से उसकी तलाश कर रहे हैं।


