
Nawada: नवादा मंडल कारा में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मानसिक रूप से विक्षिप्त एक कैदी ने कई कैदियों के उंगली व कान अपने दांत से काट लिए। बाद में सुरक्षाकर्मियों ने उसे नियंत्रित किया। इस प्रयास में कई सुरक्षाकर्मी भी घायल हुए हैं।

जेल के अन्य कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद उसे काबू में किया। लेकिन, इस दौरान उसने जमकर उत्पात मचाया। जो भी उसे पकड़ने जाता उसके ऊपर वह हमला बोल देता। नवादा सदर अस्पताल में उसे इलाज के लिए भर्ती कराया गया।

कैदी की पहचान प्रमोद कुमार के रूप में हुई है, जो नारदीगंज थाना क्षेत्र के सिरपतिया गांव का रहने वाला है। वह 27 अगस्त को शराब के मामले में जेल आया था। फिलहाल उसे सदर अस्पताल लाया गया जहाँ भर्ती कराया गया है। नवादा सदर अस्पताल में भी कैदी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में रखा गया है, ताकि वह दांत काट कर किसी अन्य मरीज या सुरक्षाकर्मी को घायल ना कर दे।


