
Bihar Sharif: राजगीर (Rajgir)घूमने जाने वाले पर्यटकों के लिए एक और गुड न्यूज़ है। अब यहां जल्द ही सैलानियों के लिए पर्यटक स्थल पर हेलीकॉप्टर (Tourism Helicopter) के इंतज़ाम किये जायेंगे।

नालंदा जिले का पर्यटन स्थल राजगीर में पर्यटकों की सुविधा के लिए पर्यटन हेलीकॉप्टर की शुरुआत किए जाने की घोषणा सोमवार को की गई। बताया जाता है कि नालंदा के राजगीर पर्यटन स्थल में पर्यटन मंत्री नारायण प्रसाद सोमवार को राजगीर पहुंचे और कन्वेंशन हॉल में पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ मिलन समारोह आयोजित कर इस आशय की जानकारी दी।
4 महीने के अंतराल में होगी हेलीकॉप्टर सुविधा बहाल

उन्होंने बताया कि आगामी 4 महीने के अंतराल में नालंदा के राजगीर पर्यटक स्थल पर हेलीकॉप्टर सुविधा बहाल कर दी जाएगी। जिससे यहां आने वाले पर्यटकों को सहूलियत होगी। वहीं ग्रामीण स्तर पर भी पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उन्मुख कार्य किए जा रहे हैं।
राजगीर और बोधगया तक रेलवे लाइन का होगा विस्तारीकरण
मंत्री ने कहा कि पुरातत्व विभाग की ओर से खनन किए जा रहे स्थलों पर मिले दुर्लभ मूर्तियों को देखते हुए उन जगहों को भी पर्यटन के रूप में विकसित करने का अनुशंसा सरकार से कर दी गई है। इसके साथ ही जैन धर्मावलंबियों और बौद्ध धर्मावलंबियों को एकजुट करने के उद्देश्य से राजगीर और बोधगया तक रेलवे लाइन का भी विस्तारीकरण पर विचार विमर्श किया गया है।
रेलवे के इंजिनियर शिव कुमार प्रसाद ने बताया कि इस मुख्य कार्य को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों कि जांच दल कारवाई में जुट गयी हैं जल्द ही रेलवे लाइन निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।


