Biharsharif: दबंगों ने गुरुवार की सुबह चुंगी पंचायत के दलित समाज की महिला मुखिया को उनके घर में घुसकर पिटाई कर दी। मुखिया मंती देवी ने पंचायत समिति सदस्य अमित कुमार समेत चार लोगों के खिलाफ एससी-एसटी थाने में एफआईआर करायी है। घटना बिहारशरीफ प्रखंड की तुंगी पंचायत की है। मुखिया का कसूर सिर्फ इतना था कि उन्होंने इंदिरा आवास दो महीने बाद देने को कहा था।
बताया जाता है कि तीन चार लोग मुखिया के घर के पास लाठी-डंडे से मारपीट कर रहे हैं। साथ ही गालियां भी दे रहे हैं। मुखिया पति अनूप मांझी ने बताया कि पंसस ने एक ग्रामीण को इंदिरा आवास दिलाने के लिए कहा था। उन्होंने कागजी कार्रवाई के बाद दो महीने में आवास दिलाने का भरोसा दिया था। इससे पंसस नाराज हो गये।उन्होंने अपने सहयोगी शिवेन्द्र कुमार, बबलू कुमार व विक्की कुमार के साथ मुखिया के घर में मारपीट की। मुखिया का आरोप है कि उनकी प्रसूता गोतनी के साथ भी मारपीट की गयी।
मुखिया ने बीडीओ समेत अन्य अधिकारियों से गुहार लगायी है। उनका पूरा परिवार डरा-सहमा है। घटना के बाद मामले की जांच के लिए दीपनगर थाना की पुलिस गांव पहुंची थी। एससी-एसटी थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। सभी आरोपित गांव छोड़कर फरार हैं।