
Patna: पटना के बख्तियारपुर अंचल अधिकारी (CO) की सरकारी गाड़ी के जलने के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। दरअसल अब इस मामले में प्यार (Love) की एंट्री हो गई है।

बख्तियारपुर में शनिवार को एक मार्ट के पास धूं-धूं कर एक सरकारी गाड़ी जल गयी। अब इसका वीडियो वायरल हुआ है। गाड़ी बख्तियारपुर सीओ की है। वीडियो में सड़क पर ही पीले रंग का स्वेटर पहने CO और ब्राउन रंग का जैकेट पहने एक लड़की के हाथापाई हाे रही है। वीडियो में दिख रहा कि CO छात्रा पर थप्पड़ उठाते हैं। छात्रा भी उनसे उलझ रही है। माैके पर जमा लाेग CO काे उस छात्रा से बचाने की कोशिश करते हैं। तभी छात्रा कहती है, ‘आप लाेग हमें छोड़ दें। CO मेरे पति हैं। मेरा प्यार हैं। वे मेरा सब कुछ हैं…।’

बता दें कि पहले शॉर्ट सर्किट से गाड़ी में आग लगने की बात सीओ ने की थी। लेकिन, वीडियो वायरल होने के बाद CO ने अब छात्रा पर पेट्रोल छिड़ककर गाड़ी जलाने, सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई है। इसके बाद उसको पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दूसरी तरफ, छात्रा ने CO पर यौन शोषण का मामला दर्ज कराया है। वहीं, इस घटना के बाद से सीओ ने अपना मोबाइल बंद कर लिया है।

इस पुरे मामले पर बख्तियारपुर थानेदार मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि छात्रा काे गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि 26 साल की छात्रा मूल रूप से बेतिया थाने के बानुछापर गांव की रहने वाली है। दाे-तीन साल में रिटायर हाेने वाले CO रघुवीर प्रसाद का तबादला बेतिया से बख्तियारपुर हुआ है। वह छात्रा बेतिया में उनके पदस्थापित रहने के दाैरान उनके कार्यालय में आया-जाया करती थी। छात्रा पटना में रहकर पढ़ती है।
मामले पर CO ने कहा, ‘छात्रा मुझे ब्लैकमेल कर रही है। डेढ़-दाे साल से मुझे तंग कर रही है। उसने शनिवार काे मुझ पर जानलेवा हमला कर दिया। लाइटर से मुझे जलाने की कोशिश की। मेरी बेटी और दामाद से भी छात्रा का झगड़ा हुआ था। उसका दाना-पानी बंद कर दिए ताे हमको ब्लैकमेल कर रही है।’ यह पूछे जाने पर कि शनिवार काे शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात क्यों कही थी, उस पर उन्होंने कहा कि शुरू में मुझे यही बताया गया था। मैं ताे टीम के साथ एक मार्ट में काेराेना गाइडलाइन का पालन कराने गया था।
वहीं, इस मामले मे युवती ने बख्तियारपुर सीओ पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का मामला दर्ज कराया है। मामला दर्ज होने के बाद थाना प्रभारी ने बताया कि कानून से ऊपर कोई नहीं। पुलिस अब उच्च अधिकारियों के आदेश का इंतजार कर रही है। पुलिस का कहना है कि जब उच्च अधिकारियों के आदेश उनके पास आ जाएंगे तो सीओ को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
पुरे घटनाक्रम पर DM डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि इस मामले की जांच करने का आदेश बाढ़ SDO काे दिया गया है। जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई हाेगी।


