
Ara: भोजपुर जिले (Bhojpur District) में आरा रजिस्ट्री कार्यालय में होने वाली जमीन की रजिस्ट्री के लिये नए साल में शुल्क बढ़ा दिया गया है। शुल्क वृद्धि संबंधी निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

रजिस्ट्री कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार जमीन की रजिस्ट्री में पेजिंग शुल्क, स्टाम्प शुल्क और रजिस्ट्री शुल्क के रूप में 250 रुपये लगता था जो अब नए साल में नए नियम के तहत सीधे दोगुना कर दिया गया है। नए साल में नए निर्देशों के बावजूद गत एक जनवरी को रजिस्ट्री कार्यालय में पुराने शुल्क पर हुए सात दस्तावेजों की रजिस्ट्री को लेकर अब इन सात दस्तावेजों से जुड़े जमीन की रजिस्ट्री कराने वालों से बढ़े हुए शुल्क वसूल किये जायेंगे। इस अतिरिक्त शुल्क की वसूली के लिए निबंधन विभाग से नोटिस जारी किया गया है।

आरा निबंधन कार्यालय के सहायक अवर निबंधन पदाधिकारी मो. एजाज हसन ने मंगलवार को बताया कि बीते एक जनवरी को पुराने शुल्क पर जमीन की रजिस्ट्री कराने वालों को अतिरिक्त शुल्क की वसूली के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



