
पटना: बिहार के दो शिक्षक इस वर्ष शिक्षक दिवस (पांच सितम्बर) के मौके पर नेशनल टीचर अवार्ड से सम्मानित होंगे। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने वर्ष 2021 के लिए नेशनल टीचर अवार्ड (National Teacher Award) की घोषणा कर दी है। शिक्षक दिवस पर 44 शिक्षकों को सम्मानित किया जायेगा, जिसमें बिहार के दो शिक्षक हरिदास शर्मा और शिक्षिका चंदना दत्त का नाम शामिल हैं।

हरिदास शर्मा राजकीयकृत मध्य विद्यालय डरहक रामगढ़ कैमूर के प्रभारी प्रधान शिक्षक हैं, जबकि चंदना दत्त राजकीयकृत मध्य विद्यालय रांटी मधुबनी में शिक्षिका हैं। शिक्षा के क्षेत्र में अहम और उत्कृष्ट योगदान देने वाले इन दोनों शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा जायेगा। भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद खुद शिक्षक दिवस के अवसर पर इन्हें नेशनल टीचर अवार्ड से सम्मानित करेंगे।

चयनित शिक्षकों में उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, असम, सिक्किम, ओडिशा, बिहार, गुजरात और राजस्थान के दो-दो शिक्षक हैं। बिहार से कुल 74 शिक्षकों के नाम इस पुरस्कार के लिए आए थे। इसमें से छह शिक्षकों के नाम केन्द्रीय शिक्षा मंत्रालय को भेजा गया था, जिसमें से ये दो शिक्षक सम्मानित होंगे।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2021 के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया एक जून, 2021 को शुरू हुई थी। पंजीकरण करने की अंतिम तिथि 10 जुलाई, 2021 थी। इसके बाद शिक्षकों का चयन राज्य स्तरीय चयन समिति और केंद्रीय पुरस्कार समिति द्वारा किया गया। शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार का उद्देश्य देश के कुछ बेहतरीन शिक्षकों के अद्वितीय योगदान का जश्न मनाना है। ये पुरस्कार उन शिक्षकों को भी सम्मानित करते हैं, जिन्होंने अपनी प्रतिबद्धता के माध्यम से स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार किया है और छात्रों के जीवन को समृद्ध किया है।


