Nalanda: जमीन विवाद को लेकर बुधवार को नालंदा में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में छह लोगों की मौत हो गई है। जबकि दो लोग जख्मी है। यह घटना जिले के छबीलापुर थाना क्षेत्र के लोदीपुर गांव की है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक दो आपसी पटीदारों (गोतिया) के बीच जमीन विवाद को लेकर बुधवार को गोलीबारी हुई है। जिसमें छह लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया हैं। इधर, घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है।
ग्रामीणों के मुताबिक परशुराम यादव और नीतीश यादव के बीच लंबे समय से 50 बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा थ। इसी बीच बुधवार को एक पक्ष विवादित जमीन को जोत रहा था। यह देखकर दूसरे पक्ष को नागवार गुजरा। उसने तत्काल बाहर से आदमियों को बुलाकर अंधाधुन समानांतर फायरिंग दूसरे पक्ष पर शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गांव में करीब 20 से 25 राउंड गोली चली है, जिससे पूरा गांव में दहशत हो गया। लोग इधर-उधर भागने लगे। इससे मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई। दो लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
बिहार के मुखिया नीतीश कुमार के गृह जिला से जमीन विवाद में नरसंहार की घटना से पूरा इलाका दहल गया है। घटना के बाद घटनास्थल पर नालंदा पुलिस कैंंप कर रही है। मरने वालों में सभी परशुराम यादव गुट के बताए जा रहे हैं। गोली लगने से यद्दु यादव, पिंटू यादव, शिवेन्द्र यादव, धीरेन्द्र यादव, मधेश यादव और बिंदा यादव की मौत हुई है।
घटना के बाद गांव में तनाव बना हुआ है। कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गयी है।पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। लेकिन समाचार लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। नालंदा के एसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के दो टीम का भी गठन कर दिया है। इधर, घटना के बाद छबीलापुर थाना क्षेत्र के लोदीपुर गांव में दहशत का स्थिति है।
बताते चलें कि कुछ दिन पहले सीएम नीतीश कुमार ने भी कानून- व्यवस्था की एक समीक्षा बैठक के दौरान जमीन विवाद को लेकर हो रही हत्या की वारदातों पर चिंता जताई थी।