
Guwahati: गुवाहाटी के जोराबाट पुलिस चौकी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाकर पांच डकैतों को गिरफ्तार (Five dacoits arrested) किया है।

पुलिस ने गुरुवार को बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक ऑटो रिक्शा के जरिए कुछ डकैत गुवाहाटी की ओर जा रहे हैं। जिसके बाद जोराबाट पुलिस चौकी प्रभारी कपिल पाठक के नेतृत्व चलाए गए अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर वाहनों की सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।
गुरुवार तड़के पुलिस ने पांच डकैतों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार डकैतों की पहचान मोनी कलिता (नलबाड़ी), लेबिएन बोडो (आमतोला, सोनापुर), हरी चंद्र देव बर्मन (आमतोला, सोनापुर), नासिर अली (पंद्रह माइल, हगरापारा) और विक्की छेत्री (पंद्रह माइल, सोनापुर) के रूप में की गई है।
गिरफ्तार आरोपितों के पास से पुलिस ने डकैती के लिए व्यवहार की जा रही ऑटो रिक्शा (एएस-25एफसी-0139) को भी जब्त किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से दो दाव, चाकू, सब्बल और स्क्रू ड्राइवर समेत अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद किया है। पुलिस इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार डकैतों से सघन पूछताछ कर रही है।