दक्षिण सालमारा (असम)
दक्षिण सालमारा-मानकचार जिला के मानकचार कालापानी पुलिस चौकी अंतर्गत मोशालडांगा में एक बत्तख के बच्चे के लिए दो परिवारों के बीच में जमकर मारपीट में 20 लोगों के घायल होने का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार गांव के ही नेहेर भानू नामक विधवा महिला अपने एक बत्तख के बच्चे को खोजते हुए पड़ोस के अब्दुल मालेक शेख नामक एक नामक व्यक्ति के तालाब में पहुंची। अब्दुल मालेक शेख नामक व्यक्ति अपने तालाब में बत्तख का पालता है। विधवा महिला ने कहा कि उसके बत्तख के बच्चे के साथ मेरे बत्तख का भी एक बच्चा है। लेकिन अपने बत्तख के साथ विधवा महिला के बत्तख के बच्चे होने की बात को अब्दुल मालेक ने नकार दिया।
इसको लेकर महिला अब्दुल मालेक से भीड़ गई। इसी दौरान अब्दुल मालेक अपने पैर से चप्पल निकालकर महिला को मार दिया। महिला को मारे जाने की घटना को महिला के परिजनों ने देख लिया। जिसके बाद मालेक पर हमला करने के लिए महिला के परिजनों ने हाथ में लाठी डंडे लेकर मालेक को खदेड़ना शुरू किया। इस दौरान मालेक को बचाने के लिए उसके परिवार वाले भी लाठी-डंडे लेकर आगे आ गये। जिसके बाद दोनों गुटों के बीच जमकर झड़प हुई।
झड़प में 20 लोग घायल हो गए। जिसमें 5 की हालत काफी गंभीर है। घटना की खबर मिलते ही मौके पर पहुंची मानकचार पुलिस और कालापानी पुलिस की टीम ने सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों पक्षों द्वारा अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस दर्ज प्राथमिकी के आधार पर मामले की जांच कर रही है।