कार्बी आंग्लांग
जिले के असम-नगालैंड सीमावर्ती इलाके में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है। पुलिस ने बताया कि बुधवार देर रात असम-नगालैंड सीमावर्ती इलाके धनसिरी के डाउजिंफाड इलाके में संदिग्ध डीएनएलए उग्रवादी ने संजय रहांग उर्फ संजय डिफूसा नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। सूत्रों ने बताया है कि पांच हथियारबंद लोगों ने घर में प्रवेश कर संजय से अपनी कार से सभी हथियारबंद लोगों को सीमावर्ती इलाके में छोड़ने को कहा। संजय ने हथियारबंद लोगों को अपनी कार में ले जाने से मना कर दिया। जिसके बाद हथियारबंद संदिग्ध उग्रवादियों ने संजय को गोली मारकर मौके से फरार हो गए। गोली लगते ही मौके पर ही संजय की मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने उग्रवादी संगठन के विरूद्ध अभियान आरंभ कर दिया है। अभियान के दौरान पुलिस ने आशंका व्यक्त किया है कि उग्रवादी संगठन का एक व्यक्ति घायल हुआ है। पुलिस घटना में शामिल सभी लोगों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू करते हुए जगह-जगह छापामारी कर रही है। वहीं मृत व्यक्ति के शव को पुलिस ने गुरुवार की सुबह पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।